नाथपा झाकड़ी में बिजली उत्पादन बंद, कई राज्यों में गहरा सकता है बिजली…

रामपुर : देश के सबसे बड़े हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट नाथपा झाकड़ी में बिजली उत्पादन बंद कर दिया गया है। हिमाचल प्रदेश के जिला किन्नौर में सतलुज नदी में परियोजना का बांध बना है। सतलुज में रात से सिल्ट लेबल बढ़ रहा है।
इस कारण परियोजना को सुबह दस बजे से बंद कर दिया गया है। जब तक सिल्ट लेबल कम नहीं होता है। परियोजना में बिजली उत्पादन नहीं होगा। 15 सौ मैगावाट के इसी प्रोजेक्ट से नार्थ ग्रिड को भी बिजली जाती है। ऐसे में अगर सतलुज नदी में सिल्ट का लेबल नहीं घटा, तो इससे हिमाचल सहित उत्तरी भारत में बिजली का संकट आ सकता है।
नाथपा झाकड़ी से ही दिल्ली, चंड़ीगढ़, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, जम्मू कश्मीर, हिमाचल व उत्तराखंड को नार्थ ग्रिड के माध्यम से सबसे अधिक बिजली की आपूर्ति करता है।
परियोजना के महाप्रबंधक राजीव सूद ने बताया कि मौजूदा समय में यहां सिल्ट का लेबल 40 हजार पीपीएम से अधिक हो गया है। सिल्ट के कारण यहां मशीनों व टनल को नुकसान हो सकता है। ऐसे में बिजली उत्पादन बंद कर दिया गया है। वहीं बांध से भी पानी छोड़ा जा रहा है। ऐसे में सतलुज नदी के किनारे रहने वाले लोगों को नदी से दूर रहने की सलाह दी गई है।





