उत्तराखंड में आज से करवट लेगा मौसम, बारिश-बर्फबारी का अलर्ट

उत्तराखंड में 2 महीने से शुष्क चल रहे मौसम का मिजाज आज से बदल सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। जिससे सूखी ठंड से काफी हद तक राहत मिल सकती है।
उत्तराखंड में लंबे समय से मौसम शुष्क बना हुआ है जिसके चलते सूखी ठंड ने खासा परेशान किया हुआ है। मौसम शुष्क होने के चलते दिन और रात के तापमान में भी अंतर बढ़ रहा है। सुबह और शाम की ठंड में इजाफा होने के साथ ही दिन के समय भी खासी ठंड होने लगी है।
दिन के समय चटक धूप खिलने के बावजूद ठंड का एहसास होने लगा था। सर्द हवाओं ने दिन की धूप में भी ठंडक ला दी है। शुष्क मौसम के कारण सूखी ठंड पड़ रही थी वही आज से मौसम बदलाव आने की संभावना है।
मौसम के बदले पैटर्न और जलवायु के चलते अक्टूबर और नवंबर महीने में बारिश नहीं हुई। जिसकी वजह से सूखी ठंड पड़ रही थी। गुरुवार को देहरादून और आसपास के क्षेत्र में बादलों और धूप की आंख-मिचौली चलती रही। जिसकी वजह से दिन के समय भी ठिठुरन भरी ठंड महसूस की गई।
कई हिस्सों में शीत लहर चलने से जनजीवन भी प्रभावित हुआ है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ चक्रवर्ती प्रसार और बंगाल की खाड़ी में सक्रिय दबाव जैसे गतिविधियों के चलते पहाड़ों से लेकर मैदान तक तापमान में गिरावट आई है।
अगले कुछ दिनों में सर्दी में और बढ़ोतरी होगी। साथ ही शीत लहर और घने कोहरे की स्थिति भी देखने को मिलेगी। जिसके चलते न्यूनतम और अधिकतम तापमान में कमी आएगी। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है।
वहीं 3200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी भी होने की संभावना है। जबकि 6 दिसंबर को मौसम साफ रहेगा लेकिन 7 और 8 दिसंबर को एक बार फिर पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम का मिजाज बदल सकता है और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी होने का पूर्वानुमान है। जबकि अन्य जनपदों में मौसम शुष्क बना रहेगा।





