घर वालों ने ही किया नाबालिग लड़की का कत्ल, वजह कर देगी शर्मसार

राजस्थान के अलवर जिले में पांच साल पहले हुए एक कत्ल के खुलासे का चौंकाने वाला मामला सामने आया है. साल 2012 में एक नाबालिग लड़की की उसके परिजनों ने इसलिए हत्या कर दी, क्योंकि वो जन्म से मंदबुद्धि थी. मृतका की ताई ने इस पूरे मामले का खुलासा करते हुए आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कराया.
मामला अलवर जिले के रामानंद इलाके का है. मृतका का नाम धोलीबाई (15) उर्फ प्रेमलता था. प्रेमलता जन्म से ही मानसिक रूप से कमजोर थी. प्रेमलता के दादा पूर्व सैनिक ईश्वर सिंह और सेना में कार्यरत पिता राजेश कुमार उसके मंदबुद्धि होने से परेशान थे. उन्हें लगता था कि पीड़िता की वजह से उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा पर असर पड़ रहा है.
इसी के चलते दोनों ने पीड़िता के ममेरे भाई के साथ मिलकर साल 2012 में उसे मारने का प्लान बनाया. प्लान के मुताबिक, आरोपी आश्रम में दाखिला दिलाने के बहाने पीड़िता को जंगल लेकर गए और बेरहमी से गला घोटकर मासूम की हत्या कर दी. हत्या के बाद शव वहीं फेंककर तीनों आरोपी वापस गांव आ गए.
मृतका की शिनाख्त न होने पर पुलिस ने शव का अंतिम संस्कार करवा दिया. पीड़िता की ताई सरिता को किसी तरह इस बारे में पता चल गया. आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देकर सरिता को मुंह बंद रखने को कहा. कत्ल के बोझ से आजिज आकर और अंजाम की परवाह न करते हुए सरिता ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करवा दिया.
पुलिस ने फौरन हरकत में आते हुए आरोपी दादा ईश्वर सिंह को गिरफ्तार कर लिया. जबलपुर में तैनात पिता के खिलाफ पुलिस कार्रवाई की तैयारी कर रही है. एक अन्य आरोपी अभी फरार चल रहा है. पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही है.





