त्रिनिदाद एंड टोबैगो में भव्य राम मंदिर के निर्माण की तैयारी

त्रिनिदाद एंड टोबैगो अपनी राजधानी में एक भव्य राम मंदिर का निर्माण करने जा रहा है। सरकार ने इस परियोजना को समर्थन दिया है, जिसका उद्देश्य हिंदू धर्म और भारतीय संस्कृति को बढ़ावा देना है। इसे ‘रामायण कंट्री’ के रूप में जाना जाता है, जहाँ एक ‘मिनी अयोध्या’ बनाने का भी प्रस्ताव है। हाल ही में राम लला की प्रतिकृति का अनावरण किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालु शामिल हुए।
कैरेबियाई देश त्रिनिदाद एंड टोबैगो अपनी राजधानी पोर्ट ऑफस्पेनमेंएक भव्य राम मंदिर के निर्माण की तैयारी कर रहा है। हिंदू धर्म और भारतीय संस्कृति को कैरेबियाई क्षेत्र में नई पहचान दिलाने की दिशा में यह बड़ा कदम माना जा रहा है।
करीब 15 लाख की आबादी वाले इस देश में साढ़े तीन लाख से अधिक हिंदू रहते हैं। यह अमेरिका महाद्वीप के उन कुछ देशों में से एक है, जहां हिंदू धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराएं आज भी राष्ट्रीय जीवन में गहराई से रची-बसी हैं। यही कारण है कि त्रिनिदाद एंड टोबैगो को लंबे समय से ‘रामायण कंट्री’ के रूप में पहचाना जाता है।
सरकार का समर्थन
देश के पब्लिक यूटिलिटीज मंत्री बैरी पदरथ ने धार्मिक नेताओं के साथ हाल ही में बैठक में इस पहल के प्रति सरकार के मजबूत समर्थन की घोषणा की। उन्होंने कहा कि त्रिनिदाद एंड टोबैगो को ‘रामायण कंट्री’ कहा जाता है।
यहां सदियों से भारतीय परंपराएं जीवित हैं और सरकार इस विरासत को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। न्यूज एजेंसी एएनआई के अनुसार मंत्री ने यह भी बताया कि सरकार इस परियोजना को केवल धार्मिक दृष्टि से नहीं, बल्कि सांस्कृतिक और आध्यात्मिक केंद्र के रूप में देख रही है।
‘अयोध्या नगरी’ बनाने का प्रस्ताव
अमेरिका स्थित ओवरसीज फ्रेंड्स ऑफ राम मंदिर संगठन के संस्थापक प्रेम भंडारी ने प्रधानमंत्री कमला प्रसाद-बिसेसर के समक्ष ‘अयोध्या नगरी’ स्थापित करने का प्रस्ताव रखा है। इसका उद्देश्य उन उत्तर अमेरिकी और कैरेबियाई श्रद्धालुओं के लिए एक आध्यात्मिक केंद्र बनाना है, जो भारत में अयोध्या नहीं जा पाते। प्रस्तावित केंद्र को एक ‘मिनी अयोध्या’ के रूप में विकसित किया जाएगा।
राम लला की प्रतिकृति का अनावरण
मई 2025 में यहां अयोध्या के राम लला की प्रतिकृति का अनावरण हुआ था। इस आयोजन में 10,000 से अधिक श्रद्धालु शामिल हुए थे। यह कार्यक्रम प्रेम भंडारी और अयोध्या श्रीराम ऑर्गनाइजेशन के अध्यक्ष अमित आलाघ के संयुक्त प्रयास से संपन्न हुआ।
दीपावली पर मिली विशेष सौगात
यह घोषणा उस समय की गई जब पूरा देश 20 अक्तूबर को दीपावली मना रहा था। त्रिनिदाद एंड टोबैगो में भी इस अवसर पर दीपमाला की जाती है और राष्ट्रीय अवकाश रहता है।





