कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला को ग्रेनेड लॉन्चर से उड़ाने की धमकी

कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सदस्य रणदीप सिंह सुरजेवाला ने परिवार और अपनी सुरक्षा को खतरा बताते हुए पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में याचिका दायर की है। सूत्रों के मुताबिक सुरजेवाला के वकील ने कोर्ट को बताया कि 11 और 13 सितंबर को पाकिस्तान के मोबाइल नंबर से धमकी भरे ऑडियो नोट्स और कॉल मिले, जिसमें उन्हें ग्रेनेड लॉन्चर से उड़ाने की धमकी दी गई। सुरजेवाला के वकील ने यह तर्क भी दिया कि अन्य पूर्व सांसदों और विधायकों को मोबाइल सुरक्षा प्रदान की गई है, जबकि उन्हें इससे वंचित रखा गया।

गौरतलब है कि पहले उन्हें वाई प्लस श्रेणी की सुरक्षा दी गई थी, लेकिन गृह मंत्रालय की हालिया रिपोर्ट में कहा गया कि उन्हें अब किसी विशेष खतरे की आशंका नहीं है, इसलिए सुरक्षा हटाई जा सकती है। इस संदर्भ में सभी पक्षों को सुनने के बाद हाईकोर्ट के जस्टिस सुधीर सहगल ने केंद्र और प्रदेश सरकार को नोटिस जारी किया और 10 नवंबर तक जवाब दाखिल करने का आदेश दिया।

गौरतलब है कि केंद्रीय गृह मंत्रालय ने केंद्रीय सुरक्षा एजेंसी की नई समीक्षा के बाद राज्यसभा सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला को दी गई वाई+ श्रेणी की सुरक्षा वापस लेने का प्रस्ताव रखा था। हाईकोर्ट ने उन्हें अपने पक्ष को प्रस्तुत करने का अवसर दिया और कहा कि उन्हें यह साबित करने का मौका मिले कि उन्हें अभी भी खतरा है, इसके लिए जरूरी सबूत पेश करने की अनुमति दी जाए।

Back to top button