टीम इंडिया के नए कोच बने रवि शास्त्री, वर्ल्ड कप तक रहेगा कार्यकाल

टीम इंडिया के कोच को लेकर छाए बादल पूरी तरह साफ होते दिख रहे हैं। सूत्रों के अनुसार पूर्व क्रिकेटर और कमेंटेटर रवि शास्त्री टीम इंडिया के नए कोच होंगे। कोच चयन समिति जल्द ही इसकी घोषणा करेगी। हालांकि आज दिनभर टीम इंडिया को कोच पद के लिए वीरेन्द्र सहवाग का नाम ही मीडिया में सबसे आगे रहा।
उसकी बड़ी वजह थी सीएसी की बैठक में कल रवि शास्त्री के नाम की घोषणा न करना। जिसके बाद अटकलें लगाई जाने लगी थी कि रवि शास्त्री के नाम पर सचिन तेंदुल्कर, सौरव गांगुली और वीवीएस लक्ष्मण की कोच चयन समिति एक राय नहीं हो सकी है।
मुंबई स्थित बीसीसीआई के हेड ऑफिस पर सोमवार को बैठक के बाद प्रेस कान्फ्रेंस के लिए आए सौरव गांगुली ने भी साफ कहा था कि अभी किसी एक नाम पर मुहर नहीं लग सकी है। समिति कप्तान विराट कोहली से चर्चा के बाद ही कोच के लिए नए नाम की घोषणा करेगी।





