लोढ़ा कमेटी की सिफारिशों पर BCCI का नया पैंतरा, चार बड़े मुद्दों पर है ऐतराज

बीसीसीआई में आमूलचूल बदलाव की लोढ़ा कमेटी की सिफारिशों के खिलाफ बोर्ड ने एक बार फिर से सुप्रीम कोर्ट जाने का फैसला किया है. इन सिफारिशों को लागू करने के लिए बनाई गई कमेटी की शनिवार को हुई मीटिंग हुई. इस मीटिंग में कुछ मसलों पर बोर्ड के सदस्यों ने ऐतराज जताया और इनके खिलाफ एक बार फिर से सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाने का फैसला हुआ.

लोढ़ा कमेटी की सिफारिशों पर BCCI का नया पैंतरा, चार बड़े मुद्दों पर है ऐतराज

बोर्ड ने इस सिलसिले में 11 जुलाई को स्पेशल जनरल बॉडी की मीटिंग बुलाई है. बोर्ड को लोढ़ा पैनल की चार मुख्य सिफारिशों पर आपत्ति है. इन सिफारिशों में एक राज्य एक वोट, पदाधिकारियों का कूलिंग ऑफ पीरियड ,तीन सदस्यीय चयन समिति और बोर्ड में पेशेवर अधिकारियों को मिलने वाले अधिकार शामिल हैं. अपनी सिफारिशों के लागू होने में हो रही देरी पर रिटायर्ड जस्टिस लोढ़ा पहले ही नाराजगी जता चुके हैं.

इन सिफारिशों को लागू कराने का जिम्मा सुप्रीम कोर्ट की ही बनाई प्रशासकों की समिति यानी सीओए के कंधों पर है जिसके मुखिया विनोद राय हैं.हालांकि विनोद राय साफ कर चुके हैं कि उनकी टीम तय वक्त पर इन सिफारिशों को लागू करवा देगी. इस मसले पर 14 जुलाई को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई है. इस सुनवाई में सीओए अदालत को स्टेटस रिपोर्ट सौंपेगी.

इसी दौरान बोर्ड की रणनीति है कि जिन मुद्दों पर उसे ऐतराज है उन पर अदालत से दोबारा विचार करने की गुहार लगाई जाए. ऐसे में अब देखना होगा कि देश की सबसे बड़ी अदालत के आदेश के बावजूद क्या बीसीसीआई इन इन बदलावों को अपने हिसाब से लागू करवाने में कामयाब हो पाएगी या नहीं.

Back to top button