बिहार मानसून अपडेट : 1 नाव पर 80 लोग, 8 बाइक, 4 महीने तक ऐसे ही पार लगेगी जिंदगी

पटना.यहां के जेठुली घाट से राघोपुर, रुस्तमपुर जाने के लिए नाव ही एकमात्र सहारा है। पीपापुल खुल गया है। चार-पांच महीने तक नाव में इसी तरह ओवरलोडिंग होती रहेगी। एक नाव में 80 से अधिक व्यक्ति, 8 मोटरसाइकिल और अन्य सामान। इस ओवरलोडिंग को देखने वाला कोई नहीं है। जबकि इसकी देखरेख की जिम्मेवारी संबंधित थाने की है। हद तो यह है कि नाव हादसे के बाद भी न तो नाविकों ने कोई सबक लिया और न ही जिला प्रशासन मुस्तैद है। आज हल्की… कल से भारी बारिश के आसार…
बिहार मानसून अपडेट : 1 नाव पर 80 लोग, 8 बाइक, 4 महीने तक ऐसे ही पार लगेगी जिंदगी
जिले में 328 नाव निबंधित हैं, लेकिन पूरे जिले में इससे अधिक नावें चल रही हैं। नावों पर न तो किसी सुरक्षा मानक का ख्याल रखा जा रहा है न ही नावों पर निबंधन संख्या, क्षमता आदि को लिखा गया है। डीएम ने हादसे के बाद स्पष्ट निर्देश दिया था कि बिना निबंधित नावें नहीं चलेंगी। सभी नियमों का पालन करना होगा।
 
आज हल्की… कल से भारी बारिश के आसार
यूपी से बिहार होते हुए बंगाल की खाड़ी तक बनी ट्रफ लाइन नेपाल की ओर शिफ्ट हो गई है। उत्तरप्रदेश और बिहार के उत्तरी-पूर्वी इलाकों में इसका अधिक असर दिख रहा है। बिहार में ऊपरी हवा का चक्रवात भी बना हुआ है। इस कारण रविवार से प्रदेशभर में बारिश शुरू हो रही है। 10 जुलाई से बिहार के उत्तरी सहित मध्य व पश्चिमी इलाकों में भारी बारिश की संभावना है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि राजधानी सहित प्रदेशभर में पछुआ हवा की रफ्तार बढ़ी हुई है। आर्द्रता भी 90 फीसदी के ऊपर पहुंच चुकी है। यूपी के साथ-साथ नेपाल से भी बादल आ रहे हैं। मौसम विभाग ने बिहार में 10 व 11 जुलाई को भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। कुछ इलाकों में 100 से 150 मिमी तक बारिश हो सकती है। सिस्टम बेहद मजबूत होने के कारण प्रदेश के 80 फीसदी से अधिक क्षेत्रों में बारिश होगी। इधर, शुक्रवार की सुबह से राजधानी में बारिश रुक गई है। शनिवार को भी दिनभर धूप खिली रही। बीच-बीच में बादल छाने से उमस बढ़ी।
 
उत्तर कोयल में पानी छोड़ा, दो जगहों पर तटबंध टूटा
रोहतास/औरंगाबाद में उत्तर कोयल मुख्य नहर से वितरणियों एवं कैनाल में जांच के लिए शनिवार को पानी छोड़ा गया। नहर में पानी आते ही पहले बंसडीहा कैनाल में तकरीबन 15 फीट व फिर एरका गांव के समीप मुख्य नहर तकरीबन 30 फीट की चौड़ाई में तटबंध टूट गया।
शुक्रवार की रात नहर से बंसडीहा कैनाल में पानी छोड़ा गया था। कैनाल में पानी आते ही दबाव के कारण रामपुर फाॅल के समीप पहला तटबंध टूट गया और फिर कैनाल के ठीक नीचे दूसरे स्थान पर भी तटबंध क्षतिग्रस्त हो गया। जिससे नहर का पानी खेत में न जाकर पुनः नहर में ही चला गया। इधर शाम के समय एरका गांव के पास 178 आरडी पर मुख्य नहर का भाग टूट गया। तटबंध टूटने से मोहम्मदगंज बराज से पानी सप्लाई बंद करा दी गई। इधर कररबाग एवं बटाने नदी का इमरजेंसी गेट खोलकर पानी बहाया जा रहा है। एग्जिक्यूटिव ने बताया कि टूटे तटबंध को शीघ्र मरम्मत करा लिया जाएगा।
प्रभावित होगी सिंचाई
जानकारी के अनुसार बसडीहा कैनाल में मात्र 40 क्यूसेक पानी छोड़ा गया था। बसडीहा तटबंध टूटने से रामपुर, रसूलपुर, आरती समेत अन्य कई गांवों की सिंचाई प्रभावित होगी। हालांकि बसडीहा तटबंध का मरम्मत कराने में विभाग जुट गया है।
Back to top button