एनपीपी के चार विधायक राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार रामनाथ कोविंद को समर्थन देंगे

नई दिल्ली: किरोड़ी लाल मीणा के नेतृत्व में राजस्थान के नेशनल पीपुल्स पार्टी के चार विधायक राष्ट्रपति पद के एनडीए के उम्मीदवार रामनाथ कोविंद को समर्थन देंगे.
एनपीपी विधायक और प्रदेश पार्टी के संयोजक किरोड़ी लाल मीणा ने आज घोषणा की कि उनकी पार्टी के चारो विधायक राष्ट्रपति पद के एनडीए उम्मीदवार रामनाथ कोविंद का समर्थन करेंगे. पूर्व भाजपा नेता मीणा ने बताया कि पार्टी की केन्द्रीय नेतृत्व के निर्देशानुसार हमने राष्ट्रपति चुनाव में एनडीए उम्मीदवार को समर्थन देने का निर्णय लिया है. भाजपा में फिर से सम्मिलित होने के मामले में मीणा ने कोई जवाब नहीं दिया और चुप रहे.
ये भी पढ़े: रामनाथ कोविंद अगर खुद उत्सुकता दिखाएं और फोन करें तो कांग्रेस विधायक मिलने को तैयार : छत्तीसगढ़ कांग्रेस नेता, टीएस सिंहदेव
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अशोक परनामी ने विश्वास व्यक्त किया कि एनपीपी के बाद निर्दलीय विधायक भी एनडीए के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार कोविंद को समर्थन देंगे. परनामी ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि राष्ट्रपति चुनावों में एनपीपी एनडीए के उम्मीदवार कोविंद को समर्थन देगी और हमें उम्मीद है कि निर्दलीय विधायक भी अपना समर्थन उन्हें देंगे. दो सौ सदस्यों की विधानसभा में भाजपा के 161 विधायक,कांग्रेस के 24 विधायक, एनपीपी के 4 विधायक, नेशनल यूनियनिस्ट जमींदारा पार्टी के 2 विधायक, बसपा के दो विधायक, और 7 निर्दलीय विधायक हैं.





