आठवीं पास खुद चला रहा था नर्सिंगहोम, छापा पड़ा तो सच आया सामने, सील


ये भी पढ़े: 50 पार की उम्र में रिटायर करने के फैसले से कर्मचारी नाराज, सरकार को दी चेतावनी
अपर मुख्य चिकित्साधिकारी संजय कुमार ने बताया कि सरोजनीनगर के स्कूटर्स इंडिया चौराहे से पिपरसंड रेलवे स्टेशन जाने वाली रोड पर घनश्याम सिंह द्वारा कई वर्षों से श्याम नर्सिंगहोम का संचालन किया जा रहा था। कुछ दिन पहले डीएम व सीएमओ से इस नर्सिंगहोम की शिकायत की गई थी।
इस पर डीएम के आदेश पर शुक्रवार को एसीएमओ डॉ. संजय कुमार व सरोजनीनगर सीएचसी अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार दीक्षित ने यहां छापा मारा। इस दौरान डर के मारे कर्मचारी भाग गए। रजिस्ट्रेशन में आठ चिकित्सकों के नाम दर्ज हैं लेकिन मौके पर एक भी नहीं मिला। उन्होंने बताया कि रजिस्ट्रेशन की अवधि बीते 30 अप्रैल को ही खत्म हो चुकी थी। इस पर नर्सिंग होम को सील कर दिया गया है।
नर्सिंग होम में भर्ती मऊ जिले की मीनाक्षी राय पत्नी अनिल राय तथा इलाके के ही अमौसी एयरपोर्ट के पास रहने वाली नेहा पत्नी मनोज वर्मा का प्रसव को लेकर दो दिन पहले आपरेशन हुआ था। जबकि रनियापुर निवासी काली चरण के पेट में पथरी का ऑपरेशन हुआ था।
इलाज के दौरान मौत का भी लग चुका है आरोप
उन्नाव के अजगैन थाना क्षेत्र के हरचंदपुर निवासी पंकज ने 25 अप्रैल 2015 को पत्नी सविता को प्रसव पीड़ा होने पर यहां भर्ती कराया था।
सिजेरियन डिलीवरी कराने के लिए संचालक श्याम सिंह ने पंकज से 40 हजार लिए थे, लेकिन 26 अप्रैल की सुबह सविता की मौत हो गई थी। जब पंकज ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाकर विरोध किया तो श्याम सिंह व दो अन्य कर्मचारियों ने बंधक बनाकर मारपीट की थी।
मेडिकल स्टोर भी अवैध
परिसर में चल रहे मेडिकल स्टोर भी नर्सिंग होम संचालक का बताया जा रहा है। मेडिकल स्टोर पर मौजूद कर्मचारी छापे की भनक लगते ही भाग गया। मौके पर कोई प्रपत्र नहीं मिलने से यह भी अवैध लग रहा है। फिलहाल इसे सील नहीं किया गया है।
पूर्व नगर प्रमुख डॉ. एससी राय ने किया था उद्घाटन
25 मार्च 1999 को इस नर्सिंग होम का उद्घाटन पूर्व नगर प्रमुख डॉ. एससी राय ने किया था। एसीएमओ के मुताबिक नर्सिंग होम संचालक ने रजिस्ट्रेशन के कागजात में अपने को पैरामेडिकल डिग्री धारक दिखाया है, जबकि वह कक्षा-8 पास बताया जा रहा है। ऐसे में पैरामेडिकल की डिग्री भी फर्जी लग रही है।





