सीएम फडणवीस ने फोड़ी परिवर्तन की दही हांडी, कहा- महायुति सरकार ने फोड़ा पाप का घड़ा

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई के जांबोरी मैदान में आयोजित गोविंदा उत्सव में परिवर्तन की दही हांडी फोड़ी। इस दौरान उन्होंने शिवसेना यूबीटी की ओर इशारा करते हुए जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बीएमसी चुनाव में में इस बार बदलाव तय है, क्योंकि भाजपा नीत महायुति ने नगर निकाय को लूटने वालों के पाप का घड़ा फोड़ दिया है।

महाराष्ट्र में शनिवार को गोविंदा की धूम रही। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी दक्षिण मुंबई के वरली स्थित जांबोरी मैदान में आयोजित गोविंदा उत्सव में परिवर्तन की दही हांडी फोड़ी। इस दौरान उन्होंने शिवसेना (यूबीटी) पर परोक्ष रूप से निशाना भी साधा। फडणवीस ने कहा कि बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) में इस बार बदलाव तय है, क्योंकि भाजपा नीत महायुति ने नगर निकाय को लूटने वालों के पाप का घड़ा फोड़ दिया है और विकास की हांडी शुरू की है।

बता दें कि अविभाजित शिवसेना 1997 से 2022 तक लगातार 25 वर्षों तक बीएमसी में सत्तारूढ़ रही। मुख्यमंत्री ने कहा कि कृष्ण जन्माष्टमी पारंपरिक उत्साह और उल्लास के साथ मनाई जा रही है। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मदिन के उपलक्ष्य में पूरे महाराष्ट्र में दही हांडी उत्सव मनाया जाता है। दही हांडी फोड़ने वालों को गोविंदा कहा जाता है।

जलगांव में खास अंदाज में हुआ दही-हांडी का उत्सव
वहीं जलगांव में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर खास अंदाज में दही-हांडी उत्सव का आयोजन किया गया। सागर पार्क मैदान में आयोजित इस दही-हांडी कार्यक्रम की खास बात यह रही कि इसे महिलाओं द्वारा महिलाओं के लिए आयोजित किया गया था। जिले भर से कुल 11 महिला गोविंदा पथकों ने इसमें हिस्सा लिया और पारंपरिक उल्लास के साथ श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का जश्न मनाया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और महिला गोविंदाओं का हौसला बढ़ाया।

उत्सव में दो गोविंदा की मौत, 30 घायल
बता दें कि जहां एक तरफ श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर पूरे भारत में उत्साह का माहौल है। दूसरी ओर मुंबई के मानखुर्द में दही हांडी बांधते समय गिरने से दो गोविंदा की मौत हो गई। वहीं, 30 गोविंदाओं के घायल हो गए। इनमें से 15 को अस्पताल से प्राथमिकी उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। मृतक की पहचान जगमोहन शिवकिरण चौधरी के रूप में हुई। हादसे के बाद चौधरी को तुरंत शताब्दी गोवंडी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button