देखें-पुलिस चौकी में ‘लव मैरिज’, वर्दीवाले बने जनाती-बाराती

सोमवार की दोपहर कानपुर की बेनाझाबर पुलिस चौकी का नजारा ही कुछ अलग था। रपट, फरियादी, पुलिसिया टशन के बजाय यहां तालियों की गड़गड़ाहट, ढोल की थाप और मुबारकबाद का सिलसिला चल रहा था। चौकी में दूल्हा था, दुल्हन थी और पुलिस बनी थी जनाती-बाराती। चौकी इंचार्ज ने शादी की रस्म अदा करा वर-वधू को आशीर्वाद दिया। इससे पहले दोनों परिवारों के गिले शिकवे भी मिटाए गए।

आम तौर पर संवेदनशीलता न दिखाने वाली पुलिस ने पहल की। सोमवार को स्वरूप नगर थाने की बेनाझाबर पुलिस चौकी एक प्रेमी जोड़ा पहुंचा। दोनों ने प्रेम विवाह रचाने की इच्छा जताई। युवक ने कहा था कि उसके घर वाले शादी को राजी हैं, लेकिन लड़की की मां अड़चन डाल रही है। मामला एक बिरादरी से जुड़ा था।
ये भी पढ़े: ‘सइयां की मार और सिपहिया से प्यार’, हर तरफ चर्चा में कन्नौज का ये मामला
चौकी प्रभारी ने युवक और युवती के घरवालों को पुलिस चौकी बुलाया। दोनों की बात सुनी और फिर उन्हें समझाया। थोड़ी देर बाद दोनों पक्षों के लोगों के गिले-शिकवे खत्म हो गया। दोनों पक्ष गले मिले और शादी को राजी हो गए। चौकी प्रभारी ने युवक और युवती की चौकी में ही शादी करा दी। इसके बाद चौकी के बाहर ढोल बजने और बारातियों जमकर ठुमके लगाए और युवती को बिदा कर घर ले गए।
दरअसल, आर्य नगर निवासी ठेकेदार सूरज कुमार (27) क्षेत्र की ही रहने वाली अंकिता (25) से प्रेम करता था। दोनों दलित बिरादरी के हैं। 20 जून को दोनों घर से भाग गए। इधर, अंकिता की मां प्रीति ने बेटी के गायब होने पर सूरज के खिलाफ थाने में तहरीर दे दी। मामले की जांच बेनाझाबर चौकी इंचार्ज राम सरन मौर्या को सौंपी गई। जांच में पता चला कि दोनों मैनपुरी के बेवर में हैं।
पुलिस के दबाव में सूरज और अंकिता सोमवार को चौकी पहुंचे। चौकी इंचार्ज ने अंकिता के पिता रूपेश गौतम और मां प्रीति और सूरज के पिता ऑटो पार्ट्स व्यापारी भैरव प्रसाद व कुछ परिजनों को चौकी बुलाया। यहां घंटों पंचायत चली। अंत में दोनों पक्ष राजी हो गए। लेकिन वर पक्ष ने मौके पर ही शादी रचाने की मांग कर दी। इस पर चौकी प्रभारी ने ढोल, नाश्ते का इंतजाम, जयमाल के लिए मालाएं मंगाईं। खुशी-खुशी शादी की रस्म अदा हुई। ढोल की थाप के बीच सूरज अंकिता को अपने साथ घर ले गया। इधर, सूरज के घर में देर शाम तक बधाई देने वालों का तांता लगा रहा।
कोर्ट मैरिज भी होगी
अंकिता की मां प्रीति ने चौकी इंचार्ज से कहा कि बेटी के साथ धोखा न हो इसलिए कोर्ट में भी सूरज और अंकिता की शादी रजिस्टर्ड करा दें। इसपर राम सरन मौर्या ने चार से पांच दिन में कोर्ट मैरिज कराने का वादा किया।





