आपके लिए काम की तीन खबरें, GST लागू होने के बाद आज से होंगे ये बदलाव

पटना. जीएसटी लागू होने के कारण एसी श्रेणी में सर्कुलर टिकट व्यवस्था समाप्त हो गई है। इसके बाद यात्रियों को एक रूट होने के बावजूद अलग-अलग टिकट बनवाने होंगे। एक साथ कई जगहों पर यात्रा कार्यक्रम बनाने वाले यात्री सर्कुलर टिकट का लाभ लेते थे। इससे उन्हें किराए में काफी बचत होती थी। इसके अलावा पुलिस, मिलिट्री वारंट और एमएलए के ट्रेवल कूपन पर यात्रा करने वालों के लिए भी नियम में बदलाव किए जाएंगे। अब तत्काल टिकट कैंसिल कराने पर 50 फीसदी रकम वापस मिल जाएगी। तत्काल विंडो सुबह 10 से 11 बजे तक एसी कोच के लिए और 11 से 12 बजे तक स्लीपर कोच के लिए खुलेंगे।

ट्रेन में एसी और फर्स्ट क्लास का टिकट 0.5 फीसदी महंगा, स्लीपर में फर्क नहीं
जीएसटी लागू होने के साथ ही ट्रेनों में एसी में यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए टिकट दरों में मामूली बढ़ोतरी हो गई है। 1000 रुपए के टिकट पर लगभग 5 रुपए अधिक चुकाने होंगे। यह बढ़ोतरी एसी फर्स्ट क्लास, एग्जीक्यूटिव क्लास, एसी टू, एसी थ्री, एसी चेयर कार, एसी इकोनॉमी क्लास, फर्स्ट क्लास, स्पेशल ट्रेनों के एसी व फर्स्ट क्लास कोचों में लागू होगी। अभी एसी में सफर करने वाले यात्रियों को 4.50 फीसदी सर्विस टैक्स देने पड़ते थे। जीएसटी लागू होने के बाद पांच फीसदी चुकाना होगा। स्लीपर क्लास के यात्रियों को जीएसटी के दायरे से बाहर रखा गया है।
ये भी पढ़े: पारिवारिक विवाद में पति-पत्नी ने जहर खाकर की आत्महत्या
आज से मुंबई, हैदराबाद और बेंगलुरू के लिए स्पाइस जेट की सीधी उड़ान, सूरत जाना भी आसान
पटना एयरपोर्ट से 1 जुलाई से 32 विमान उड़ान भरेंगे। पटना से कोलकाता, हैदराबाद, चेन्नई, सूरत, बेंगलुरू और मुंबई के लिए स्पाइस जेट पहली बार अपनी 4 विमान शुरू करने जा रहा है। 10 जुलाई से स्पाइस जेट दिल्ली के लिए भी विमान सेवा शुरू करेगा। वहीं इंडिगो पटना से लखनऊ के लिए एक नया विमान शुरू कर रहा है। इस तरह से पटना से दूसरे 9 शहरों के लिए 10 जुलाई से विमानों की कुल संख्या 32 हो जाएगी। पटना से मुंबई, कोलकाता और हैदराबाद के लिए सीधी उड़ान होगी, जबकि सूरत के लिए वाया कोलकाता फ्लाइट जाएगी। स्पाइस जेट की पहली फ्लाइट मुंबई से 8.15 बजे पटना आएगी और 8.45 बजे कोलकाता के लिए रवाना होगी। हैदराबाद से सुबह 10.20 बजे पटना पहुंचेगी और सुबह 10.55 बजे बेंगलुरू के लिए उड़ान भरेगी।





