सीएम मोहन के घर एक बार फिर गूंजेगी शहनाई, सादे समारोह में छोटे बेटे अभिमन्यु ने की इशिता से सगाई

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के छोटे बेटे डॉ. अभिमन्यु की सगाई भोपाल स्थित मुख्यमंत्री निवास में सादे समारोह में हुई। परिवारिक आयोजन में चुनिंदा मेहमान शामिल हुए। भाजपा नेताओं ने शुभकामनाएं दीं। सादगी और परंपराओं के प्रति आस्था का यह उदाहरण राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बना।
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के घर एक बार फिर खुशियों का माहौल है। मुख्यमंत्री के छोटे बेटे की सगाई हाल ही में भोपाल स्थित मुख्यमंत्री निवास में सादगीपूर्ण समारोह के बीच संपन्न हुई। समारोह को पारिवारिक और सीमित दायरे में रखा गया, जिसमें सिर्फ बेहद करीबी लोगों को आमंत्रित किया गया था। मुख्यमंत्री बनने के बाद यह उनके परिवार में दूसरा बड़ा पारिवारिक आयोजन है।
इससे पहले डॉ. यादव के बड़े बेटे वैभव की शादी भी सादे और पारिवारिक माहौल में संपन्न हुई थी। अब उनके छोटे बेटे डॉक्टर अभिमन्यु की सगाई डॉ. इशिता के साथ भोपाल में सादे समारोह में हुई। डॉ. अभिमन्यू एमबीबीएस की डिग्री के बाद पीजी की पढ़ाई कर रहे हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, दिल्ली के विधायक सतीश उपाध्याय, मध्य प्रदेश भाजपा प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह और भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल समेत कई बड़े नेता शामिल हुए और नवयुगल को सुखद भविष्य की शुभकामनाएं दी। सरकारी जिम्मेदारियों के बीच मुख्यमंत्री का यह पारिवारिक आयोजन एक भावनात्मक क्षण रहा। इसमें निजी संबंधों की गर्माहट साफ झलकी। परिवार की यह सादगी और परंपराओं के प्रति आस्था राजनीतिक हलकों में भी चर्चा का विषय बनी हुई है।
ज्ञातव्य है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और सीमा यादव के दो सुपुत्र एवं एक सुपुत्री हैं। ज्येष्ठ सुपुत्र एवं सुपुत्री का विवाह पहले ही संपन्न हो चुका है। डॉ. अभिमन्यु यादव (मास्टर्स इन सर्जरी) एक प्रतिभाशाली चिकित्सक एवं समाजसेवी हैं। वहीं डॉ इशिता (एमबीबीएस) भी चिकित्सा क्षेत्र से जुड़ी हुई हैं। दोनों ने पारंपरिक पूजन के पश्चात एक दूसरे को अंगूठी पहनाकर जीवन के नए अध्याय की शुरुआत की।