पंजाब में रहकर पढ़ाई कर रहे दो तंजानियाई नागरिक गिरफ्तार

अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क में कथित रूप से प्रमुख भूमिका निभाने वाले दो तंजानियाई नागरिकों को केरल में एक बड़े मादक पदार्थ मामले के सिलसिले में पंजाब से गिरफ्तार किया गया है।
अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क में कथित रूप से प्रमुख भूमिका निभाने वाले दो तंजानियाई नागरिकों को केरल में एक बड़े मादक पदार्थ मामले के सिलसिले में पंजाब से गिरफ्तार किया गया है। केरल पुलिस ने इन्हें पकड़ा है। आरोपियों की पहचान डेविड नेटेमे (22) और अटका हारुना (21) के रूप में हुई है, जो पंजाब के एक विश्वविद्यालय में छात्र हैं।
जानकारी के मुताबिक, अधिकारियों ने बताया कि उनकी गिरफ्तारी कुन्नमंगलम पुलिस द्वारा दर्ज एक मामले में पहले गिरफ्तार किए गए दो व्यक्तियों द्वारा दी गई महत्वपूर्ण जानकारी के आधार पर की गई। पुलिस ने बताया कि यह मामला पहली बार 21 जनवरी को कासरगोड के मंजेश्वरम निवासी इब्राहिम मुसमिल (27) और कोझिकोड के वेल्लीपरम्बा निवासी अभिनव (24) की गिरफ्तारी के बाद प्रकाश में आया था। 12 फरवरी को पुलिस ने तीसरे आरोपी मोहम्मद शमील को मैसूर में ट्रैक किया और वृंदावन गार्डन के पास एक होटल के पास से उसे पकड़ा था।
जांच में सामने आया कि दोनों तंजानियाई नागरिक अपने कॉलेज के पास एक घर में किराए पर रह रहे थे। जिसके बाद एक विशेष जांच दल फगवाड़ा पहुंचा और उन्हें उनके किराये के मकान से गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने आगे बताया कि वे एक आरोपी के इस दावे की भी पुष्टि करेंगे कि वह तंजानिया के एक न्यायाधीश का बेटा है।