शख्स ने नदी में डाला चुंबक, रस्सी से निकाला तो साथ में बाहर आ गई तिजोरी

आपने छोटे शहरों में गरीब बच्चों या युवाओं को नदी में चुंबक लेकर सिक्कों को खोजते देखा होगा. वैसे ये काम भारत में भले ही सिर्फ गरीब करते हों, पर विदेशों में एक्सप्लोरर भी ऐसा करते हैं, जो नदी या तालाबों के नीचे छुपे रहस्यों को ढूंढने की तलाश में होते हैं. हाल ही में एक शख्स ने भी ऐसा ही किया. उसने एक बेहद शक्तिशाली चुंबक (Man found safe in river) को रस्सी से बांधकर एक नदी में फेंका. कुछ पल बाद जब उसने चुंबक को खींचा तो उसके साथ चिपककर एक लोहे की तिजोरी भी बाहर आ गई. उस तिजोरी को खोलने में उसके पसीने छूट गए, पर जब उसने अंदर देखा तो उसके आंसू निकलने लगे…ऐसा क्यों हुआ, ये तो आपको खुद ही देखना पड़ेगा!
इंस्टाग्राम यूजर @arneclaessens को डेढ़ लाख से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं. हाल ही में उन्होंने एक वीडियो पोस्ट किया जिसमें वो नदी में चुंबक डालकर कुछ तलाश करते नजर आ रहे हैं. ये चुंबक इतना मजबूत है कि वो उसे लोहे की टंकी पर चिपकाकर जब खड़े भी हो रहे हैं तो वो अपनी जगह से नहीं खिसक रहा है. इतने शक्तिशाली चुंबक को उन्होंने रस्सी से बांधकर पानी में फेंका तो सबसे पहले एक लोहे का डंडा चिपककर बाहर आया.
शख्स को पानी में मिली तिजोरी
दोबारा जब उन्होंने चुंबक फेंका और कुछ देर बाद खींचा तो मिट्टी से सना लोहे का एक छोटा टुकड़ा मिला. पर तीसरी बार में चुंबक फेंकने पर कोई भारी सी चीज हाथ लगी. उसे जब वो खींचने लगे तो वो बार-बार पानी में चली जा रही थी. काफी कोशिशों के बाद वो उस चीज को बाहर निकालने में कामयाब रहे. तब उन्हें समझ आया कि वो एक तिजोरी है जो बंद थी.
तिजोरी देखकर वो काफी उत्सुक हुए और उन्हें लगा जैसे उसके अंदर गहने या खजाना होगा. उन्होंने एक दूसरे वीडियो में तिजोरी खोलते हुए दिखाया. हथौड़े, आरी आदि का प्रयोग कर बड़ी ही मुश्किल से शख्स ने तिजोरी को खोला. तब जाकर पता चला कि तिजोरी खाली थी, उसके अंदर कुछ भी नहीं था. ये देखकर शख्स को रोना आ गया.
वीडियो हो रहा है वायरल
इन दो वीडियोज को कुल मिलाकर 1 करोड़ से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं जबकि कई लोगों ने कमेंट कर अपनी प्रतिक्रिया दी है. बहुत से लोगों ने कहा कि वीडियो से उनका वक्त बर्बाद हुआ है, उन्हें लगा था कि अंत में उससे कुछ निकलेगा, पर कुछ भी नहीं निकला! एक ने पूछा कि आखिर वो इतना मजबूत चुंबक कहां से पा सकता है?





