सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि इन देशों में भी देखने को मिलती है दीवाली की धूम!

दीवाली भारत का सबसे बड़ा त्योहार माना जाता है। इसकी रौनक देखते ही बनती है। चारों ओर दीये और लाइट्स की जगमग इस त्योहार को बेहद खास बना देती है। दीयों का ये त्योहार भारत के हर हिस्से में बड़ी धूमधाम से मनाया जाता है, लेकिन आपको जानकर हैरानी हो सकती है कि इसे सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि दुनिया के कई अन्य देशों (Diwali Celebration In Foreign Countries) में भी बड़ी धूमधाम से मनाया जाता है। भारत के अलावा नेपाल, मलेशिया, थाईलैंड, श्रीलंका, अमेरिका और जापान जैसे देशों में भी दीवाली को अलग-अलग रूपों में मनाया जाता है। आइए जानते हैं कि इन देशों में दीवाली कैसे मनाई जाती है।

नेपाल में दीवाली (तिहाड़)

नेपाल में दीवाली को तिहाड़ के नाम से जाना जाता है। यह पांच दिनों का त्योहार है, जिसमें हर दिन का अपना अलग महत्व है। पहले दिन गाय की पूजा की जाती है, दूसरे दिन कुत्तों की पूजा, तीसरे दिन मिठाइयां बनाई जाती हैं और देवी-देवताओं की पूजा होती है, चौथे दिन यमराज की पूजा और पांचवें दिन भैयादूज मनाया जाता है। नेपाल में दीवाली का त्योहार भारत के समान ही धूमधाम से मनाया जाता है।

मलेशिया में दीवाली (हरि दीवाली)

मलेशिया में दीवाली को हरि दीवाली के नाम से जाना जाता है। इस दिन लोग जल्दी उठकर स्नान करते हैं और देवी-देवताओं की पूजा करते हैं। मलेशिया में दीवाली के दिन मेले भी लगाए जाते हैं, जहां लोग खरीदारी करते हैं और अलग-अलग प्रकार के व्यंजन का आनंद लेते हैं।

थाईलैंड में दीवाली (क्रियोंध)

थाईलैंड में दीवाली को क्रियोंध के नाम से जाना जाता है। इस दिन लोग केले के पत्तों से दीपक बनाते हैं और रात को इन दीयों को नदी में प्रवाहित करते हैं। यह एक बहुत ही सुंदर दृश्य होता है। थाईलैंड में दीवाली का त्योहार बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है।

श्रीलंका में दीवाली

श्रीलंका में दीवाली का त्योहार रामायण से जुड़ा हुआ है। इस दिन लोग अपने घरों में मिट्टी के दीपक जलाते हैं और एक-दूसरे के घर जाकर मिलते हैं। श्रीलंका में दीवाली का त्योहार बहुत ही धूमधाम से मनाया जाता है।

जापान में दीवाली

जापान में दीवाली के दिन लोग अपने बगीचों में पेड़ों पर लालटेन और कागज से बने पर्दे लटकाते हैं। इसके बाद उसे आसमान में छोड़ देते हैं। इस दिन लोग नाच-गाना भी करते हैं। जापान में दीवाली का त्योहार बहुत ही खूबसूरत होता है।

अमेरिका की दीवाली

अमेरिका में रहने वाले भारतीय समुदाय के लोग दीपावली को बड़े ही धूमधाम से मनाते हैं। यहां दीपावली के दिन भारतीय मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना की जाती है और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।

Back to top button