अगर आपके बच्चे में भी नजर आएं ये संकेत, तो समझ जाइए दूसरों से ज्यादा इंटेलिजेंट है आपका लाडला!

हर बच्चा खास होता है, क्योंकि उसकी अनोखी क्षमताएं और व्यक्तिगत गुण उसे अलग पहचान देते हैं। वैसे भी हर बच्चा अपने तरीके से सोचता, समझता और बढ़ता है। उसकी रुचियां, रचनात्मकता और समस्याओं को सुलझाने के तरीके अलग होते हैं। ऐसे में जब बच्चों की इन विशेषताओं को सही मार्गदर्शन और समर्थन मिलता है, तो ये उन्हें उनके पूरे पोटेंशियल तक पहुंचाने में मदद करती हैं। लेकिन कुछ बच्चे औसत से ज्यादा बुद्धिमान होते हैं, जिनमें दिखाई पड़ने वाली योग्यताएं उन्हें आम से खास बनाती हैं। तो आइए जानते हैं, बच्चों में दिखाई पड़ने वाली इन योग्यताओें के बारे में। 

क्या हैं High IQ के संकेत?

भाषा का जल्दी विकास होना- औसत से अधिक बुद्धिमान बच्चे जल्दी बोलना और अपनी अभिव्यक्ति को स्पष्ट रूप से व्यक्त करना शुरू कर देते हैं। ऐसे बच्चों में शब्दावली का विकास जल्दी होता है। अक्सर छोटे बच्चे धीरे-धीरे बोलना सीखते हैं, लेकिन अधिक बुद्धिमान बच्चे जल्द ये कौशल विकसित करते हैं।

अत्यधिक जिज्ञासा- अधिक बुद्धिमान बच्चे जिज्ञासु होते हैं, वे हर चीज के बारे में सवाल पूछते हैं, जैसे क्यों और कैसे। वे अपने आस-पास की दुनिया को गहराई से समझना चाहते हैं। ऐसे बच्चों में बचपन से ही ये गुण होता है।

लंबे समय तक ध्यान केंद्रित करते हैं- छोटे बच्चे आमतौर पर जल्द ही किसी गतिविधि से बोर हो जाते हैं, लेकिन बुद्धिमान बच्चे एक ही काम में लंबे समय तक लगे रहते हैं, जो उनकी गहरी रुचि और फोकस को दर्शाता है।

तेज याददाश्त- अधिक बुद्धिमान बच्चों को चीजें जल्दी याद हो जाती हैं और वे छोटी-छोटी घटनाओं, तारीखों, या जानकारियों को लंबे समय तक याद रखते हैं।

रचनात्मकता और कल्पनाशीलता- ये बच्चे नई कहानियां बनाते हैं, खेलों में कल्पनाशील तरीके अपनाते हैं और समस्याओं को हल करने में रचनात्मक होते हैं।

स्वतंत्रता- ऐसे बच्चे स्व-निर्देशित होते हैं और अपनी रुचियों के अनुसार खुद से नई चीजें सीखना पसंद करते हैं।

समस्याओं को हल करने की क्षमता- औसत से अधिक बुद्धिमान बच्चे तर्कसंगत तरीके से समस्याओं को हल करने में माहिर होते हैं और असामान्य दृष्टिकोण अपनाते हैं जो उन्हें दूसरों से अलग बनाता है।

उच्च भावनात्मक समझ- वे दूसरों की भावनाओं को बेहतर ढंग से समझते हैं और सहानुभूति से भरपूर प्रतिक्रिया देते हैं।

कई विषयों में रुचि- ये बच्चे अलग-अलग विषयों में रुचि दिखाते हैं और हर क्षेत्र में गहरी जानकारी हासिल करने की कोशिश करते हैं।

Back to top button