बरसात के बाद रात को अंडरपास में भरा 10 फुट पानी, डूब गई एसयूवी, ओल्ड फरीदाबाद में दो की मौत

ओल्ड फरीदाबाद अंडरपास में रात करीब 12:00 बजे एक एसयूवी डूब गई। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने राहत और बचाव कार्य चलाया। एसयूवी को बाहर निकला गया। उसमें दो लोगों के शव मिले हैं। बताया जा रहा है कि एसयूवी में दो लोग सवार थे। इस दौरान अंडरपास पर करीब 10 फुट तक पानी भरा था। दोनों निजी बैंक के कर्मचारी बताए जा रहे हैं। हादसा तब हुआ जब मृतक पुण्याश्रय शर्मा (48) और विराज (26) गुरुग्राम से ग्रेटर फरीदाबाद स्थित अपने घर लौट रहे थे।
फरीदाबाद में शुक्रवार को मूसलाधार बारिश पूरे दिन हुई। इस दौरान शहर भर में हर तरफ पानी भर गया। हमेशा की तरह राष्ट्रीय राजमार्ग-19 के नजदीक ओल्ड फरीदाबाद रेलवे अंडरपास पर भी पानी लगभग 8 से 10 फीट तक भर गया। बारिश के चलते बहुत तेजी से अंडरपास पर पानी भरा।
देर रात एसयूवी 700 अंडरपास से निकलने के चक्कर में डूब गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बचाव कार्य चलाया। इस दौरान क्रेन मंगवा कर वाहन को बाहर निकाला गया। कार में दो लोगों के शव मिले। पुलिस ने बताया कि राहगीरों ने कार में फंसे दोनों लोगों की मदद करने का प्रयास किया और काफी कोशिशों के बाद उन्हें बाहर निकालने में कामयाब रहे लेकिन विराज की मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने बताया कि शर्मा को बादशाह खान सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
एनआईटी फरीदाबाद पुलिस स्टेशन के SHO इंस्पेक्टर समर सिंह ने कहा, “उनके परिवारों को सूचित कर दिया गया है। हम पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप देंगे।’





