फर्जी पुलिस वाले बनकर आए डॉक्टर की पत्नी को उठा ले गए, बचकर थाने पहुंची

बठिंडा.फर्जी सीआईए स्टाफ के मुलाजिम बनकर आए पांच लोग गांव घडैला से आरएमपी की पत्नी को हथियार के बल पर गाड़ी में उठा ले गए। आरोपियों ने उसे एनडीपीएस एक्ट के झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर तीन लाख की फिरौती मांगी। परंतु महिला ने अपनी समझदारी दिखाते हुए आरोपियों को पैसे लाकर देने का झांसा दिया और वहां से भागकर थाना सदर रामपुरा पुलिस के पास पहुंच गई। ये था मामला…

पीडि़ता के अनुसार आरोपियों में से एक युवक उसके पति से दवा लेने आता था। पुलिस ने पीड़ित महिला की शिकायत पर पहचाने गए तीन युवकों सहित पांच पर केस दर्ज कर लिया। थाना सदर रामपुरा पुलिस को शिकायत देकर गुरमीत कौर निवासी गांव घडैला ने बताया कि उसके पति गांव घडैला में आरएमपी हैं। उनकी दुकान पर कुछ समय पहले आरोपी लाली सिंह दवा लेने के लिए आता था। बीते दिन आरोपी लाली सिंह अपने साथी गुरदीप सिंह, हनीफ खान दो अंजान साथियों के साथ कार मे उसके घर आया। उसके साथ आए युवकों ने खुद को सीआईए टीम हंडियाया का सदस्य बताते हुए उसे कहा कि वह मेडिकल नशा बेचती है। इसके बाद वे उसे हथियार दिखाकर जबरन अपनी कार में बिठाकर अगवा करके ले गए।
ये भी पढ़े: 7 को होगी कैबिनेट मीटिंग, पंजाब सरकार का बजट सेशन 15 जून को संभावित
इसके बाद उक्त युवक उसे गांव जैद में सुनसान जगह पर ले गए। जहां युवकों ने उसे दो घंटे तक कार में बंधक बनाकर एनडीपीएस एक्ट के मामले में फंसाने की बात कहते हुए 3 लाख रुपये की फिरौती मांगी। इसके बाद अपहृत महिला ने युवकों को अपने झांसे में लेकर कुछ ही समय में तीन लाख रुपये लाकर देने का आश्वासन दिया। इसके बाद आरोपियों ने उसे छोड़ दिया। इसके बाद महिला ने मामले की शिकायत पुलिस को दी। मामले के जांच अधिकारी एएसआई कृष्ण सिंह ने बताया कि पुलिस ने गुरमीत कौर की शिकायत लाली सिंह, गुरदीप सिंह, हनीफ खान दो अज्ञात युवकों पर मामला दर्ज कर लिया है।





