भाजपा विधायक ने तोड़ा कानून,रोका तो समर्थकों ने होमगार्ड को पीटा, असलहा लहराया

ट्रैफिक नियमों का मखौल उड़ाते हुए मोहम्दाबाद गोहना से भाजपा विधायक श्रीराम सोनकर की काले शीशे वाली हूटर लगी गाड़ी मंगलवार शाम विधानसभा मार्ग पर नो-एंट्री में दौड़ रही थी। वन-वे पर गाड़ी दौड़ती देख ट्रैफिक होमगार्ड अमित सरीन ने उन्हें रोका। 
भाजपा विधायक ने तोड़ा कानून,रोका तो समर्थकों ने होमगार्ड को पीटा, असलहा लहराया
 
विधायक के समर्थक को यह नागवार गुजरा और उन्होंने होमगार्ड की थप्पड़ जड़ दिया। बात बढ़ती देख विधायक बीचबचाव करने गाड़ी से उतरे। काली फिल्म व हूटर पर चालान काट रहे टीएसआई को हड़काया। 

ये भी पढ़े: योगी सरकार का छात्रों को तोहफा, मेधावी छात्रों को मिलेंगे 10-10 हजार की छात्रवृत्ति

विधायक के गनर ने भीड़ पर असलहा लहराकर सनसनी फैला दी। आईजी जोन ने ड्यूटी पर मुस्तैद होमगार्ड को पीटने वाले समर्थकों पर केस दर्ज करके सख्त कार्रवाई और असलहों के सत्यापन के आदेश दिए। 

वहीं इंस्पेक्टर कैसरबाग डीके उपाध्याय ने बताया कि रात को पुलिस ने होमगार्ड को थप्पड़ मारने के आरोपी राजकुमार को गिरफ्तार कर लिया है। 

पुलिस के मुताबिक, मेट्रो के काम के चलते बर्लिंग्टन चौराहा से बापू भवन चौराहे तक एकल दिशा मार्ग है। रोजाना की तरह मंगलवार को ट्रैफिक पुलिस की टीम बर्लिंग्टन चौराहे से ट्रैफिक डायवर्ट कर रही थी। 

इस बीच दोपहर में काले शीशे वाली हूटर लगी टाटा सफारी को नो-इंट्री में घुसते देख टीएसआई प्रेमशंकर शाही ने होमगार्ड अमित सरीन को उसे रोकने का आदेश दिया।

बर्ल‌िंग्टन चौराहे पर खड़ी पुलिस

होमगार्ड ने गाड़ी रोकने के साथ काले शीशे व हूटर पर चालान की बात कही। गाड़ी में सवार विधायक श्रीराम सोनकर भड़क उठे। गाड़ी से उतरे उनके समर्थक ने होमगार्ड को थप्पड़ जड़ दिया। होमगार्ड व समर्थक में हाथापाई होने लगी। 

टीएसआई के साथ अन्य लोग दौड़े। एलएनटी के गार्ड भी आ गए। मामला तूल पकड़ते देख गाड़ी से उतरे विधायक ने बीचबचाव किया। इस बीच उनके गनर ने असलहा लहरा दिया। 

नहीं माने और फिर उसी रूट से लेकर गए गाड़ी
टीएसआई ने उच्चाधिकारियों को जानकारी देने के साथ फोर्स मांगी। इस बीच विधायक अपने गनर व समर्थक के साथ गाड़ी में सवार हुए और चालक ने गाड़ी बापू भवन चौराहा की तरफ नो-इंट्री में दौड़ा दी। 

हंगामे से ट्रैफिक व्यवस्था चरमरा गई। बापू भवन चौराहे से बर्लिंग्टन चौराहा की तरफ आ रहे टैम्पो, ऑटो व अन्य वाहन जाम में फंस गए। ट्रैफिक होमगार्ड की पिटाई की सूचना पर एसपी ट्रैफिक रविशंकर निम व अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे।

सोशल मीड‌िया में वायरल हुई खबर तो ये बोले व‌िधायक

पुलिसकर्मियों व अन्य लोगों ने उन्हें वीडियो क्लिप दिखाने के साथ मामले की जानकारी दी। होमगार्ड अमित सरीन ने कैसरबाग कोतवाली में विधायक के समर्थक राजकुमार समेत दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया। पुुलिस ने आजमगढ़ निवासी राजकुमार को पकड़ लिया। 

सोशल मीडिया पर मामला तूल पकड़ते देख विधायक श्रीराम सोनकर ने सफाई दी कि उनके चालक को वन-वे की जानकारी नहीं थी। दो-तीन दिन पहले ही रॉयल होटल के पास विधायक निवास में आवास आवंटित हुआ है। शीशों पर काली फिल्म व हूटर के सवाल को विधायक ने टाल दिया। 

सख्त कार्रवाई होगी 
नो-इंट्री में गाड़ी ले जाने से रोक रहे ट्रैफिक होमगार्ड को थप्पड़ मारने वाले विधायक के समर्थक पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। शीशे पर काली फिल्म व हूटर लगाने के साथ ट्रैफिक नियम तोड़ने पर भी कार्रवाई की जाएगी। एसएसपी को विधायक के साथ मौजूद लोगों के असलहों के सत्यापन के आदेश दिए गए हैं। 
– जय नरायन सिंह, आईजी रेंज 

Back to top button