हरियाणा में आज सुबह से कई इलाकों में हो रही बारिश

हरियाणा में मानसून सक्रिय है। सुबह से पानीपत, जींद, फरीदाबाद, गोहाना समेत कई जगह बारिश हो रही है। इससे जगह-जगह जलभराव हो गया है। सड़कों पर पानी भर गया है। मौसम विभाग ने आज 4 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है, जिसमें पंचकूला, अंबाला, करनाल, यमुनानगर शामिल हैं।

बताया जा रहा है कि हरियाणा में दो से पांच सिंतबर तक बरसात की संभावना है। इस दौरान पश्चिम विक्षोभ भी असर दिखाएगा। दो माह का मानसून बीत चुका है। अभी प्रदेश में सामान्य से 17 फीसदी कम बारिश हुई है, जबकि अगस्त में 21 फीसदी ज्यादा बारिश हुई है। अभी सितंबर बाकी है। प्रदेश में मानसून सीजन में 1 जून से 30 सितंबर तक 440 मिलीमीटर बरसात होती है। अभी तक 282.9 मिलीमीटर बरसात हो चुकी है, जबकि सामान्य बरसात 341 होती है, यानी अभी मानसून के कोटे की 157 मिलीमीटर बरसात कम है।

12 जिलों में सामान्य से कम बरसात

मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो सितंबर की बारिश से काफी हद तक कमी पूरी हो सकती है। अब तक 12 जिलों में सामान्य से कम बरसात हुई है, जबकि तीन जिलों में सामान्य से ज्यादा बरसात हो चुकी है। दूसरी ओर कृषि वैज्ञानिकों का कहना है कि अभी फसलों को बरसात की जरूरत है।

Back to top button