लगभग एक करोड़ पाकिस्तानियों ने छोड़ा देश, सरकार की बढ़ गई चिंता

लगभग एक करोड़ पाकिस्तानियों ने अपना देश छोड़ दिया है। बेहतर अवसरों की तलाश में इन लोगों को मजबूरी में अपना देश छोड़ना पड़ा। एआरवाई न्यूज ने पल्स कंसल्टेंट की रिपोर्ट के हवाले से यह जानकारी साझा की। 2013 से 2018 तक पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) के शासन में सबसे ज्यादा लोगों ने पाकिस्तान छोड़ा है। कामगारों और प्रतिमा के पलायन ने पाकिस्तान सरकार की चिंता बढ़ा दी।
2015 में सबसे ज्यादा लोगों ने पाकिस्तान छोड़ा
रिपोर्ट के मुताबिक पिछले 17 वर्षों में कुल 95,56,507 लोग पाकिस्तान छोड़कर जा चुके हैं। 2015 में सबसे अधिक नौ लाख लोगों ने पाकिस्तान से पलायन किया था। हालांकि 2018 तक इसमें 60 प्रतिशत तक की कमी दर्ज की गई।
महामारी में भी लोगों ने किया पलायन
कोविड-19 महामारी के दौरान 2022 और 2023 में लगभग आठ लाख लोगों ने देश छोड़ा। पलायन करने वाले कुशल लोगों के अनुपात में भी पांच फीसदी का इजाफा हुआ। पिछले दो वर्षों में देश छोड़ने वालों में से अधिकांश ब्लू-कॉलर श्रमिक और श्रमिक वर्ग रहे हैं।
यूएई में घट रही पाकिस्तानी कामगारों की संख्या
अधिकांश पाकिस्तानी बेहतर अवसरों की तलाश में सऊदी अरब, यूएई, ओमान और कतर जाते हैं। मगर कोविड के बाद के परिदृश्य में एक महत्वपूर्ण बदलाव देखा गया है। यूएई में पाकिस्तानी कामगारों की संख्या में भारी गिरावट दर्ज की गई और सऊदी अरब में पर्याप्त वृद्धि देखी गई। कोविड के बाद से यूके, इराक और रोमानिया की तरफ पाकिस्तानी लोग पलायन कर रहे हैं।