आपदा के खौफ ने उड़ा दी प्रभावितों की नींद, जख्म अब भी हरे; चारों ओर पत्थर मौजूद

हल्द्वानी के दमुवाढूंगा के कृष्णा विहार, देवकी विहार और गायत्री कॉलोनी में आपदा के जख्म 48 घंटे बाद भी हरे हैं। कॉलोनियों की कुछ गलियों को छोड़ दें तो मौके पर पत्थर और मलबा बिखरा हुआ है। आपदा प्रभावित परिवार अपने आशियाने को बचाने के लिए उपाय खोज रहे हैं। मंगलवार की काली रात ने लोगों के मन में ऐसा खौफ पैदा कर दिया है कि कई परिवारों की नींद उड़ी हुई है।

मटमैला पानी पीने को मजबूर
कृष्णा विहार, देवकी विहार और गायत्री कॉलोनी के लोग पेयजल संकट से परेशान हैं। लोगों का कहना है कि उनके नलों में आधे घंटे से भी कम पानी आ रहा है। 30 मिनट मिल रहा पानी भी मटमैला है। उन्होंने जल संस्थान से पेयजल संकट से निजात दिलाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में बिजली और संचार की भी दिक्कत हो रही है। प्रभावितों ने जिला प्रशासन से व्यवस्थाओं में सुधार की मांग उठाई।

सफाई में जुटे हैं नगर निगम कर्मी
हल्द्वानी नगर निगम के 120 कर्मी तीन कॉलोनियों का मलबा साफ करने में जुटे हैं। सफाई के कार्य में पोकलेन और जेसीबी की मदद ली जा रही है। संकरी गलियों में मलबा निकालने में कर्मियों को ज्यादा मशक्कत करनी पड़ रही रही है।

Back to top button