शादी के कार्ड पर क्यों लिखते हैं चि और सौ? शख्स ने बताया असली मतलब

लोग महीनों पहले से अपनी शादी की तैयारियों में जुट जाते हैं. किस दिन, कब, क्या पहनना है? कैसे सजना है, संवरना है. ये सबकुछ डिसाइड कर लेते हैं. शादी का कार्ड भी औरों से बेहतर डिजाइन का हो, उसमें लिखे शब्दों में कोई गलतियां न हो, ये सबकुछ कई बार क्रॉसचेक करते हैं. लेकिन कुछ चीजों को लिखना नहीं भूलते. जैसे हिंदुओं की शादी में अक्सर दुल्हन के नाम के सामने सौ. तो लड़कों के नाम के सामने चि. लिखा रहता है. लेकिन इसका मतलब क्या है? ज्यादातर लोगों को नहीं पता होगा, लेकिन एक लड़के ने इसका फनी अंदाज में मतलब समझाया है. उसने जो लिखा है, उसे पढ़ने के बाद आप मुस्कुरा देंगे. संभव तो ये भी है कि 99 प्रतिशत मर्द इस लड़के की बात से सहमत भी होंगे.

वायरल हो रहे इस वीडियो को विकल्प माल्वी (@original_poster_boy_hindustan_) ने इंस्टाग्राम पर शेयर किया है. वीडियो में विकल्प ही नजर आ रहे हैं. उन्होंने हाथ में एक होर्डिंग उठा रखा है, जिसपर लिखा है, ‘शादी के कार्ड में वर-वधु के नाम के आगे चि. और सौ. लिखते हैं. मतलब है पत्नी सौ सुनाएगी, लेकिन पति चि भी नहीं करेगा.’ विकल्प ने इस होर्डिंग को बीच बाजार में पकड़ रखा है. आसपास से गुजरने वाले लोग पलट-पलटकर देख रहे हैं. एक लड़की तो इसे पढ़कर जमकर हंसने लगती है. वहीं, पत्नी के साथ बाइक पर बैठा शख्स जहां होर्डिंग की बात से सहमति में सिर हिलाता है, वहीं पीछे बैठी बीवी हंसने लगती है.

इंस्टाग्राम पर इस वीडियो को अब तक 52 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है. 3 लाख से ज्यादा लोगों ने इसे लाइक किया है, जबकि 1 लाख 35 हजार लोगों ने शेयर किया है. जब हमने विकल्प के प्रोफाइल को देखा तो पाया कि वे अक्सर इस तरह के वीडियो शेयर करते रहते हैं. किसी में वो शादी के कार्ड में मेन्यू छपवाने की बात करते हैं, तो किसी में खुद के लिए सरकारी नौकरी वाली लड़की ढूंढते हैं, जिसके साथ वो घर जमाई बनकर रहना चाहते हैं. विकल्प के इस वीडियो पर 2 हजार से ज्यादा कमेंट्स भी आए हैं. उन्होंने वीडियो शेयर कर कैप्शन में पूछा है कि क्या मैंने सही कहा?

चि. और सौ. का क्या है मतलब?
इससे पहले की हम वीडियो में आ रहे कमेंट्स की बात करें, उससे पहले आइए हम आपको बताते हैं चि. और सौ. का असली मतलब. दरअसल, चि. का मतलब होता है चिरंजीवी, जो लड़कों के आगे लिखा जाता है, जबकि दुल्हन के आगे सौ. लिखा होता है, जिसका अर्थ है सौभाग्यवती. यानी दुल्हन जब दूल्हें के साथ अपने ससुराल जाए तो वो सौभाग्य लेकर जाए, जिससे इन दोनों की जिंदगी अच्छे से गुजरे. अब बात करते हैं वीडियो पर आ रहे कमेंट्स की. योगेंद्र नाम के शख्स ने चि. का कुछ और ही मतलब बता दिया. उन्होंने लिखा है कि चि का मतलब पति चिल्लर है और पत्नी 100 का नोट. वहीं, कविरन नाम की महिला यूजर ने लिखा है कि जबरदस्त, इतने दिमाग से तो मैंने कभी सोचा ही नहीं था, जबकि हकीकत है ये.

Back to top button