इस अंदाज में ‘केला-चिकन’ बनाती है लड़की, ऐसे करती है चीजों को मिक्स

पहले के जमाने में पॉपुलर होने के लिए लोगों को कड़ी मेहनत करनी पड़ती थी. कोई अपने खेल से लोगों के जेहन में छा जाता था, तो कोई एक्टिंग और गायकी से लोगों के दिलों पर राज करता था. लेकिन आज के दौर में सोशल मीडिया ने सबकुछ बदल दिया है. कोई ऊटपटांग हरकत करके रातों-रात फेमस हो जाता है, तो कोई प्रैंक से लोगों को अपना दीवाना बनाता है. इसके अलावा खाना बनाने का अंदाज भी लोगों को खूब भा रहा है. कुछ दिनों पहले हमने सड़क किनारे पराठा बेचने वाली लड़की के बारे में बताया था, जिसके सामने कस्टमर की लाइन लगी रहती है. ठीक वैसे ही जैसे दिल्ली की वड़ापाव गर्ल चंद्रिका गेरा दीक्षित के ठेले के सामने लगी रहती है. लेकिन अब एक और लड़की सोशल मीडिया पर धमाल मचा रही है, वो भी केला-चिकन बनाकर.
इस लड़की का नाम क्रुआ नुनुट (Krua Nunut) है, जो इंस्टाग्राम पर @nut.nutcharat नाम से मौजूद है. क्रुआ अक्सर खाना बनाने का वीडियो शेयर करती हैं. इस बार उन्होंने लोगों को एक नए डिश से इंट्रोड्यूस करवाया, जिसका नाम है ‘चिकन के साथ स्टीम्ड केले का फूल (Steamed Banana Blossom with Chicken)’. इस डिश को बनाने के लिए क्रुआ पहले केले का फूल काटती हैं और फिर पत्ता काटती हैं. इसके बाद वो मिर्च तोड़ती हैं. इन सभी का वो छोटे-छोटे टुकड़े करती हैं . फिर उसे मिक्सर ग्राइंडर में मिक्स करती हैं. फिर अन्य मसालों को चिकन में मिला देती हैं और एक साथ हाथ से मिक्स करती हैं. इसके बाद केले के पत्तों में उस मिक्चर को लपेटकर मोमोज की तरह पकाती हैं. पक जाने के बाद वो इसे लोगों को खाने के लिए देती हैं.
क्रुआ नुनुट यूं तो एक सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर हैं, लेकिन साथ ही उनके प्रोफाइल को देखने से पता चलता है कि वे एक शेफ भी हैं. संभवत: खुद का रेस्टोरेंट भी चलाती हैं. कई वीडियोज में ढेर सारे कस्टमर भी नजर आ रहे हैं. ऐसे में कहा जा सकता है कि थाई गर्ल क्रुआ अपने खाना बनाने के अंदाज की वजह से रातों-रात पॉपुलर हो गईं. इंस्टाग्राम पर क्रुआ के केला-चिकन बनाने का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. अब तक इस वीडियो को 10 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है. वहीं, हजारों लोगों ने इस वीडियो को लाइक किया है. साथ ही ढेरों लोगों ने शेयर किया है. सैकड़ों की संख्या में वीडियो पर कमेंट्स भी आए हैं.
वीडियो पर कमेंट करते हू सू (Sue) ने लिखा है कि वाह, बहुत पसंद आया. आपके इस भोजन को कितनी देर तक भाप में पकाना है? रॉबर्ट ने लिखा है कि मैं आपके खाने के व्यंजन को आजमाना पसंद करूंगा, वे देखने में हमेशा बहुत अच्छे लगते हैं. ब्रैडली नाम के यूजर को क्रुआ का ड्रेस पसंद आ गया. उसने कमेंट में लिखा है कि बहुत सुंदर ड्रेस. आपके वीडियो प्रेरणादायक और मजेदार हैं. किंगी नाम के यूजर ने लिखा है कि आप ये कैसे बनाती हैं, क्या-क्या डालती हैं, हमें इसका रेसिपी बताएं. लेकिन कर्टिस का सवाल इसे कच्चा खाने को लेकर है, क्योंकि क्रुआ कई जगह कच्चा चिकन खाती दिख रही हैं. इसपर कर्टिस लिखती हैं कि तो क्या आप इसे बिना भाप में पकाये खा सकते हैं?





