अमेरिकी सड़क पर नजर आई भारतीय बाइक, देखकर हैरान हुए लोग

भारत में जो बाइक्स मिडल क्लास लोगों के लिए बनाई जाती हैं, उनके एवरेज बेहतरीन होते हैं. 1 लीटर पेट्रोल में ये मोटरसाइकिलें काफी लंबी दूरी की यात्राएं कर लेती हैं. भारतीय सड़कों पर ऐसी लो बजट बाइक्स दिखना आम बात है, पर जब ऐसी भारतीय लो बजट बाइक्स विदेशी धरती पर दिख जाएं, तो हैरान होना स्वभाविक है. हाल ही में किसी ने अमेरिका (Bajaj Platina Bike in USA) की रोड पर एक भारतीय बाइक देख ली, जिसका एवरेज बहुत ही बढ़िया माना जाता है. बस फिर क्या था, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हुआ और भारतीय लोग हैरान होकर बाइक के गुणगान करने लगे, साथ ही साथ मजे भी लेने लगे.
इंस्टाग्राम अकाउंट @satnam_singh_dc पर कुछ दिनों पहले एक मजेदार वीडियो पोस्ट किया गया, जो अमेरिका के मैरीलैंड (Maryland, USA) राज्य का है. यहां की सड़क पर किसी को भारतीय कंपनी बजाज की प्लैटिना (Platina USA viral video) बाइक दिख गई. अगर आपको नहीं पता तो बता दें, प्लैटिना बाइक का एवरेज, भारतीय बाइक्स में सबसे ज्यादा माना जाता है. ‘बाइक वाले’ और ‘बाइक देखो’ वेबसाइट्स के अनुसार ये बाइक 70 से लेकर 90 किलोमीटर प्रति लीटर का एवरेज दे देती है. हालांकि, बाइक का डिजाइन काफी साधारण सा है, जो युवाओं को आकर्षित नहीं करता. पर इसकी कीमत भी कम है.
अमेरिका में दिखी बजाज प्लैटिना बाइक
अब जब ऐसी बाइक अमेरिकी रोड पर दिखे, तो हैरानी होगी ही. वीडियो में आप देख सकते हैं कि बाइक पार्किंग में खड़ी है. उसके पीछे एक बैग बंधा है, जो डिलीवरी के लिए इस्तेमाल होता है. इससे आप अंदाजा लगा सकते हैं कि शायद कोई व्यक्ति इस बाइक को चीजों की डिलीवरी के लिए प्रयोग करता होगा. वीडियो के साथ लिखा है- “अमेरिका में बजाज प्लैटिना”
वीडियो हो रहा है वायरल
इस वीडियो को 35 लाख से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं और बहुत से लोगों ने काफी मजेदार कमेंट्स किए हैं. एक शख्स ने लिखा- ‘1 लीटर पेट्रोल में पूरा अमेरिका घूम लेंगे!’ वहीं एक ने कहा कि फुल टैंक में ये भारत से अमेरिका पहुंच जाएगी. एक ने पूछा कि आखिर ये बाइक वहां कैसे पहुंची, क्या ये वहां मिलती है? एक ने कहा कि ये देखकर तो लोग अब स्पलेंडर भी मंगवा लेंगे.





