बूढ़ा अमरनाथ यात्रा के वाहनों के लिए पहली बार समय तय, आतंकी घटनाओं के चलते लिया निर्णय

जम्मू संभाग में हाल की आतंकी वारदातों का साया प्रसिद्ध बूढ़ा अमरनाथ यात्रा पर भी नजर आ रहा है। जिला प्रशासन ने एहतियात बरतते हुए पहली बार बूढ़ा अमरनाथ यात्रा पर आने व जाने वाले वाहनों के लिए समय सीमा तय कर दी है। ऐसी व्यवस्था अब तक अमरनाथ यात्रा के दौरान ही जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर रही है।

यात्रा पर आने वाले जत्थों को शाम 4 बजे से पहले और वापसी करने वालों को दोपहर 12 बजे से पहले बिंबरगली को पार करना होगा। इसके बाद किसी भी जत्थे अथवा वाहन को आगे बढ़ने की अनुमति नहीं होगी। बजरंगदल और विश्व हिन्दू परिषद की राष्ट्रव्यापी बूढ़ा अमरनाथ यात्रा 7 से 17 अगस्त तक चलेगी।

पुंछ के अतिरिक्ति जिला विकास उपायुक्त संदेश कुमार शर्मा ने सोमवार को यह आदेश जारी कर इसकी प्रति मंडलायुक्त, एडीजीपी जम्मू समेत सभी वरिष्ठ अफसरों को भेज दी है। प्रशासन ने आने वालों से आग्रह किया है कि इस व्यवस्था का कड़ाई से पालन करें।

Back to top button