ऑफिस के लिए रोज दूसरे शहर जाता है शख्स, करता है 320 किमी की यात्रा

जो लोग दिल्ली-मुंबई जैसे शहरों में रहते हैं, उन्हें पता होगा कि घर से ऑफिस जाना और फिर ऑफिस से घर लौटना कितना मुश्किल होता है. वो इसलिए क्योंकि इन शहरों में आमतौर पर लोगों के घर और ऑफिस के बीच काफी दूरी होती है और पहुंचने के लिए उन्हें पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करना पड़ता है. पर चीन का एक व्यक्ति जितनी यात्रा करता है, उतना तो शायद कोई भी नहीं करता होगा. वो इसलिए क्योंकि ये शख्स रोज 320 किलोमीटर (Man travel 320 kilometer to office) की यात्रा करता है और घर से ऑफिस और ऑफिस से घर जाता है. वो इतना सिर्फ अपनी बीवी की वजह से करता है.

साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट वेबसाइट के अनुसार 31 साल के लिन शू (Lin Shu) पूर्वी चीन के शैंगडॉन्ग प्रांत के वीफैंग शहर में रहते हैं. वो रोज सुबह 5 बजे उठते हैं और किसी भी हालत में 5 बजकर 20 मिनट तक घर से निकल जाते हैं. वो एक ई-बाइक चलाकर स्टेशन पहुंचते हैं. ऐसा करने में उन्हें 30 मिनट लग जाता है. उसके बाद वो स्टेशन से सुबह सवा 6 बजे की ट्रेन पकड़ते हैं, और फिर 7 बजकर 46 मिनट तक वो शैंगडॉन्ग प्रांत के दूसरे शहर क्विंगडाओ तक यात्रा करते हैं. इसके बाद वो 15 मिनट सबवे से यात्रा करते हैं और तब अपने ऑफिस पहुंचते हैं. 9 बजे के आसपास वो काम शुरू करते हैं. उससे पहले ऑफिस पहुंचकर नाश्ता करते हैं.

शख्स करता है 6 घंटे की यात्रा
उनकी ये यात्रा 160 किलोमीटर की होती है. इसके बाद घर लौटते वक्त वो फिर से 160 किलोमीटर की यात्रा करीब 3 घंटे में पूरी करते हैं और घर पहुंचते हैं. आप सोच रहे होंगे कि वो दूसरे शहर में ही क्यों नहीं बस जाते, इतनी यात्रा क्यों करते हैं? दरअसल, लिन पिछले 7 सालों से रिलेशनशिप में थे और इसी साल मई में उन्होंने शादी की है. उनकी बीवी वीफैंग की ही रहने वाली थी. वहीं पर कपल ने फ्लैट ले लिया, जिससे बीवी को सुरक्षित महसूस हो. अब चूंकि उनका अपना घर हो गया है, इस वजह से वो बीवी को अकेले छोड़कर दूसरे शहर नहीं जाना चाहते. पहले वो किराये के घर में जहां रहते थे, वहां से ऑफिस 1 घंटे की दूरी पर था, मगर बीवी के प्यार में वो और दूर रहने लगे और अब उनकी यात्रा का वक्त भी काफी ज्यादा बढ़ गया है.

हर महीने खर्च करता है 20 हजार रुपये
एक ऑनलाइन यूजर ने कैलकुलेट किया कि उनकी यात्रा की वजह से हर महीने उन्हें 18 हजार रुपयों तक खर्च करना पड़ता होगा. वहीं उनके ऑफिस वाले शहर में 1 कमरे का घर का किराया करीब 20 हजार रुपये होगा. इस लिहाज से अगर वो कमरा लेकर ही रहें, तो उन्हें सुविधा होगी. अब उनकी बीवी भी उसी शहर में नौकरी खोज रही है, जहां वो जॉब करते हैं, इस तरह आगे चलकर उन्हें इतनी तकलीफ नहीं होगी. वो हायर कंपनी में काम करते हैं और उनके बॉस काफी सपोर्टिव हैं, इस वजह से वो उन्हें कभी ओवरटाइम करने को नहीं कहते. लिन ने ये भी बताया कि पब्लिक ट्रांसपोर्ट की इतनी अच्छी सुविधा है, कि उन्हें ज्यादा तकलीफ नहीं होती है.

Back to top button