तप रहा जम्मू… तापमान 44.3 के साथ छह साल का रिकार्ड टूटा

आसमान से बरस रही आग में पूरा जम्मू संभाग में सुलग रहा है। जम्मू का पारा 44.3 डिग्री अधिकतम रिकार्ड किया गया। पिछले सालों में पहली बार पारा इतना अधिक हुआ है। इसके अलावा कठुआ लगातार प्रदेश का सबसे अधिक तपने वाला शहर है। जहां अधिकतम तापमान 47.6 डिग्री रिकार्ड किया गया।

हालांकि देर शाम को आंधी और कुछ बारिश से राहत जरूर मिली। जम्मू में अब रात के समय भी राहत नहीं है। जम्मू का न्यूनतम तापमान 28.8 डिग्री सेल्सिय रिकार्ड किया गया। श्रीनगर में अधिकतम तापमान 33.4 और न्यूनतम 15.9 डिग्री रिकार्ड किया गया।

जानकारी के अनुसार जम्मू, सांबा, कठुआ, उधमपुर, रियासी, पुंछ में भी लू ने लोगों को परेशान किया। राजोरी पुंछ में जहां तापमान 37 डिग्री रहा, वहीं उधमपुर, सांबा में भी तापमान 40 डिग्री से ऊपर रहा। मौसम विभाग के अनुसार जम्मू संभाग में 18 जून तक भी लू ही चलती रहेगी। तापमान 44 डिग्री से ऊपर ही रहेगा। हालांकि 18 जून के बाद गरज के साथ आसमान से कुछ बारिश हो सकती है।

गर्मी से राहत पाने को स्वीमिंग पूल का सहारा
लगातार झुलसा रही गर्मी से राहत पाने के लिए लोग नहरों का सहारा ले रहे हैं। लेकिन अब सिर्फ नहरें ही नहीं बल्कि आसपास के क्षेत्र में बनाए गए स्वीमिंग पूल भी लोगों की पसंद बन रहे हैं। दरअसल, जालंधर के बंडरलैंड की तर्ज पर जम्मू के आसपास के क्षेत्रों में निजी स्वीमिंग पूल बनाए गए हैं। जहां स्वीमिंग पूल के अलावा आने वाले लोगों को खाने पीने का सामान भी दिया जा रहा है। जो लोगों को खूब पसंद आ रहा है। बिश्नाह, बाड़ी ब्राह्मणा, कुंजवानी और आरएस पुरा क्षेत्रों में ऐसे कई स्वीमिंग पूल सक्रिय हैं।

Back to top button