खाई में गिरी शख्स की कार, 6 किमी दूर भागकर मदद मांगने गया पालतू कुत्ता

कहते हैं, इंसानों का सबसे अच्छा दोस्त कुत्ता होता है. कुत्ते और इंसान की जोड़ी बेहद खास होती है क्योंकि कुत्तों के मन में अपने मालिक के लिए कोई चालाकी, बैर, या छल नहीं होता. वो सिर्फ प्यार के भूखे होते हैं और एक बार उन्हें मालिक से प्यार मिलने लगे, तो वो उनके लिए जान देने को भी तैयार हो जाते हैं. अमेरिका में एक कुत्ते ने इस बात को सच साबित कर दिया है. जब उसके मालिक (Dog save owner from car accident) का एक्सिडेंट हुआ, तो वो 6 किमी दूर भागते हुए गया और मदद लेता आया जिससे शख्स की जान बच पाई. अब उस कुत्ते को लोग हीरो बता रहे हैं.

ये मामला 2 जून, अमेरिका के ऑरिगॉन (Oregon, USA) का है. द गार्जियन वेबसाइट की रिपोर्ट के अनुसार ब्रैंडन गैरेट (Brandon Garret) अपने 4 कुत्तों (Dog save man car accident) के साथ पहाड़ी रास्ते पर जा रहे थे, जब अचानक वो पहाड़ के मोड़ का आंकलन नहीं कर पाए और उनकी गाड़ी खाई में जा गिरी. इस भयंकर हादसे में वो और उनके कुत्ते तो बच गए, पर ब्रैंडन बुरी तरह जख्मी थे, जिसकी वजह से वो उठकर रोड तक नहीं जा पा रहे थे. उनके परिवार के कुछ लोग कुछ दूर पर कैंपिंग कर रहे थे, जहां से ब्रैंडन लौट रहे थे.

कुत्ते ने बचा ली मालिक की जान
तभी उनका एक कुत्ता, ब्लू घटनास्थल से निकला और जंगलों के रास्ते उन लोगों तक पहुंचा. 6 किलोमीटर तक भागते-भागते जब वो वहां पहुंचा, तो ब्रैंडन के भाई और अन्य लोगों ने उसे देखकर ही समझ लिया कि कुछ तो गड़बड़ है. उन्होंने तुरंत ब्रैंडन की खोज शुरू की और अगले दिन सुबह जाकर उनकी गाड़ी खाई में गिरी मिली. रास्ता काफी खराब होने की वजह से वो लोग उन तक नहीं पहुंच पा रहे थे. इसके बाद पुलिस को फोन किया गया. टीम ने आकर ब्रैंडन को वहां से निकाला और हेलीकॉप्टर के जरिए उन्हें अस्पताल भेजा गया. वो खतरे से बाहर हैं, हालांकि, उन्हें और उनके दो कुत्तों को गंभीर चोटें आई हैं.

हीरो बन गया कुत्ता
इस तरह ब्लू हीरो बन गया. लोगों को यकीन ही नहीं हो रहा है कि कुत्ता 6 किलोमीटर तक जाकर मदद लेता आया. फेसबुक पर पुलिस ने अपने आधिकारिक अकाउंट से इस घटना के बारे में बताया और ब्लू का भी जिक्र किया. कई लोगों ने कुत्ते की तारीफ की और कहा कि ऐसी कहानियां ही दिल को तसल्ली देती हैं.

Back to top button