आज रात जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर यातायात फिर बंद, कल सवेरे हो जाएगा बहाल
![](https://ujjawalprabhat.com/wp-content/uploads/2024/06/ओइजिज.jpg)
अमरनाथ यात्रा की तैयारियों के मद्देनजर जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार की रात फिर यातायात बंद रहेगा। इससे पहले वीरवार की रात भी हाईवे को मरम्मत कार्य के चलते बंद रखा गया था। पिछले सप्ताह हुई एक बैठक में इस हाईवे पर 17 स्थानों को मरम्मत कार्य के लिए चुना गया था। इन स्थानों की एक-एक कर मरम्मत की जा रही है।
एसएसपी ट्रैफिक (हाईवे) रोहित बस्कोत्रा ने बताया, हाइवे पर मरम्मत कार्य के चलते कुछ दिनों के अंतराल पर रात को ट्रैफिक बंद रखा जा रहा है। इसी कड़ी में शनिवार रात को राजमार्ग बंद रहेगा। इस दौरान रामबन से बनिहाल के बीच मरम्मत कार्य किया जाएगा। शनिवार शाम 6 बजे के बाद काजीगुंड से रामबन की ओर हाईवे पर किसी तरह के वाहनों को जाने की अनुमति नहीं होगी।
इसी तरह शाम 5 बजे के बाद नगरोटा से और शाम 6 बजे के बाद उधमपुर से भी कोई वाहन आगे नहीं जा सकेगा। रविवार सुबह यातायात बहाल किया जाएगा। इससे पहले वीरवार रात हाईवे बंद रहने के बाद शुक्रवार सुबह यातायात बहाल किया गया था।