द्वारका एक्सप्रेसवे अंडरपास इस दिन जनता के लिए खुलेगा, इन इलाकों को जोड़ेगा

द्वारका एक्सप्रेसवे पर बसाई फ्लाईओवर को गुरुग्राम के सेक्टर 102 और 102ए से जोड़ने वाला एक अंडरपास सोमवार को खुलने वाला है। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के एक बयान जारी कर यह जानकारी दी है।

यह अंडरपास चार लेन वाला है और 548 मीटर लंबा है। इसका मकसद दोनों तरफ ट्रैफिक के प्रवाह को सुगम बनाना और सेक्टर 102, 102ए, 103, 106, खेरकी माजरा, बसाई, धनकोट और आसपास के अन्य स्थानों तक आसान पहुंच प्रदान करना है।
परियोजना प्राधिकारियों के अनुसार, सड़क की सतह बनाई जा चुकी है, सभी लाइटें लगा दी गई हैं और अंतिम रूप दिया जा रहा है।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, परियोजना से जुड़ी एक कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “अंडरपास सोमवार तक खुल जाएगा। हमने सभी जरूरी फिक्स्चर लगा दिए हैं, जिनकी अभी सफाई की जा रही है।”
इसके अलावा, जीएमडीए के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, अंडरपास जल्द ही सेक्टर 102-102ए से झज्जर के भड़सा गांव में एम्स तक जाने वाली प्रस्तावित सड़क से जुड़ जाएगा।
इस संपर्क मार्ग की वजह से गुरुग्राम के निवासी झज्जर और अन्य अस्पतालों तक आने-जाने में सक्षम हो सकेंगे। यह सड़क लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा बनाई जाएगी, जो मंडकोला, बुढेरा और धनकोट गांवों से होकर गुजरेगी। भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पहले ही शुरू हो चुकी है।
बसाई ओवरपास का उद्घाटन अप्रैल 2023 में तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर द्वारा किया गया था। हालांकि, निर्माण कार्य के दौरान ट्रैफिक को सुचारू रूप से चलाने के लिए, एनएचएआई को अंडरपास के दोनों ओर सर्विस रोड बनानी पड़ी। एनएचएआई के अधिकारियों ने बताया कि द्वारका एक्सप्रेसवे के पश्चिमी हिस्से में भूमि अधिग्रहण को लेकर हुए कानूनी विवादों के कारण अंडरपास के पूरा होने में देरी हुई।

Back to top button