डेल्टा के साथ दुष्कर्म, फिर हत्या, आरोपित पीटीआई गिरफ्तार

एजेन्सी/बाड़मेर|नोखा के जैन आदर्श कन्या शिक्षक प्रशिक्षण संस्थान के छात्रावास में मंगलवार को हुई बीएसटीसी द्वितीय वर्ष की छात्रा की मौत के मामले में बुधवार को दर्ज दुष्कर्म व हत्या के प्रकरण में आरोपित पीटीआई विजेन्द्रङ्क्षसह को गुरुवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इस बीच, पोस्टर्माटम रिपोर्ट का निष्कर्ष एवं विसरा रिपोर्ट मिलने के बाद सात दिन में समुचित कार्रवाई के प्रशासन के आश्वासन पर गुरुवार रात 8:45 बजे संघर्ष समिति ने धरना समाप्त कर दिया।
समिति प्रतिनिधियों की मौजूदगी में मृतका के पिता को शव सुपुर्द कर दिया गया। प्रशासन एवं संघर्ष समिति के बीच गुरुवार रात्रि हुई निर्णायक वार्ता में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कई जनप्रतिनिधि शामिल थे।
कलक्टर, एसपी पहुंचे
नोखा में धरना समाप्ति के बाद थाने में जिला कलक्टर एवं एसपी ने संघर्ष समिति के प्रतिनिधियों से वार्ता करके सात दिन में माकूल कार्रवाई का आश्वासन दिया। संघर्ष समिति के महेन्द्र गहलोत एवं अन्य प्रतिनिधियों ने बताया कि सात दिन में कार्रवाई नहीं होने पर पुन: आंदोलन किया जाएगा।
दिनभर चली समझाइश
इससे पहले गुरुवार सुबह पुलिस ने छात्रा के शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया, लेकिन परिजनों एवं संघर्ष समिति के प्रतिनिधियों ने मांगें पूरी नहीं होने पर शव लेने से इनकार कर दिया था। मोर्चरी के आगे धरना स्थल पर जिला प्रमुख सुशीला सींवर, युवा कांग्रेस लोकसभा अध्यक्ष बिशनाराम सियाग सहित अन्य जनप्रतिनिधि मांगों का समर्थन करते हुए आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग करते रहे। पुलिस का जाप्ता दिनभर तैनात रहा।
यह है मामला
गौरतलब है कि पुलिस ने बुधवार को मृतका के बाड़मेर के गडरारोड निवासी पिता की रिपोर्ट पर छात्रावास वार्डन प्रिया शुक्ला, पीटीआई विजेन्द्रङ्क्षसह व संस्थान संचालक ईश्वरचन्द के विरुद्ध हत्या का केस दर्ज किया। उनका आरोप है कि मंगलवार को वार्डन के सहयोग से पीटीआई विजेन्द्रङ्क्षसह ने उसकी पुत्री से दुष्कर्म किया और साक्ष्य मिटाने के लिए उसे पानी की कुंडी में डालकर हत्या कर दी। संस्थान संचालक ने घटना की जानकारी नहीं दी।
इधर, जिलेभर में विरोध-प्रदर्शन, सौंपे ज्ञापन
गडरारोड. नोखा में त्रिमोही की छात्रा की मौत पर स्थानीय ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है। मामले को लेकर ग्रामीण गुरुवार को एकत्र हुए तथा सर्वसमाज ने रैली निकालकर नारेबाजी की। सैकड़ों की संख्या में लोग जुलूस के रूप में कस्बे के बस स्टैंड, मुख्य बाजार, हौदिया चौक, सुन्दराई मोहल्ले से होते हुए स्थानीय तहसील कार्यालय पहुंचे। यहां 2 मिनट का मौन रख बालिका को श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान पूर्व सरपंच रमेश चाण्डक ने कहा कि ऐसे जघन्य अपराध की हम कड़े शब्दों में निन्दा करते हैं। बड़ी मुश्किल से हमारे समाज ने बालिकाओं को उच्च शिक्षा के लिए बाहर पढऩे की स्वीकृति दी थी, लेकिन ऐसी घटना ने सबको झकझोर दिया। सरपंच ईश्वरसिह सोढ़ा ने कहा कि क्षेत्र की बेटी को न्याय दिलाने में हम सब साथ हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 48 घण्टे में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो गडरारोड बंद कर तहसील के सामने धरना दिया जाएगा। इसके बाद कलक्टर के नाम तहसीलदार जोधसिंह को ज्ञापन सौंपा गया। इस मौके प्रेमसिह सोढ़ा, राणाराम, मघाराम, हीरालाल महेश्वरी, मोहन लोढ़ा, किशन तामलोरिया, अर्जुन महेश्वरी, जीवराजसिंह, दादूराम, पूनाराम, रघुवीरसिंह, आदि मौजूद थे।
आंदोलन की चेतावनी
बाड़मेर. एनएसयूआई ने गुरुवार को गृहमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर गडरारोड की किशोरी की बीकानेर के नोखा में हुई हत्या के आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस मौके सुरेश गोरसिया, थानाराम लोहिया, पुखराज वरण आदि मौजूद थे। इसी तरह युवा कांग्रेस लोकसभा क्षेत्र बाड़मेर-जैसलमेर के अध्यक्ष ठाकराराम माली ने जिला कलक्टर के मार्फत राज्यपाल को ज्ञापन भेजकर कार्रवाई की मांग की। इस मौके भानु प्रताप सिंह, सवाई सिंह चूली, छोटूसिंह पंवार आदि मौजूद थे। भारतीय विद्यार्थी मोर्चा बाड़मेर यूनिट ने भी इस मामले में ज्ञापन सौंपा। जिलाध्यक्ष थानाराम लोहिया ने बताया कि वक्त रहते कार्रवाई नहीं हुई तो बीवीएम कार्यकर्ता आंदोलन करेंगे।
प्रतिभाशाली चित्रकार थीं छात्रा
बीएसटीसी कर रही गडरारोड की छात्रा प्रतिभाशाली चित्रकार थी। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि छात्रा की ‘रेगिस्तान के जहाज’ शीर्षक की पेंटिंग को राजस्थान सचिवालय की आर्ट गैलेरी में लगाया गया था। छात्रा को सत्र 2005-2006 में खंड स्तर पर आयोजित चित्रकला में प्रथम आने पर मुख्यमंत्री ने व्यक्तिश: पत्र भेजकर सराहा और जिला स्तर पर सम्मानित करवाने के निर्देश दिए थे। चौहटन विधायक ने सरकार से दलित छात्रा की हत्या के प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की।





