कड़ी सुरक्षा के बीच बारामुला में मतदान, उत्तरी कश्मीर में लोकतंत्र के पर्व की तस्वीरें

कड़ी सुरक्षा के बीच उत्तरी कश्मीर की बारामुला सीट पर सुबह सात बजे लोकतंत्र के पर्व की शुरुआत हुई। बारामुला निर्वाचन क्षेत्र उत्तरी कश्मीर के तीन जिले बारामुला, कुपवाड़ा और बांदीपोरा की 18 विधानसभा क्षेत्रों में फैला हुआ है। इसमें बडगाम के दो खंड भी शामिल हैं, जिन्हें दो साल पहले परिसीमन आयोग की सिफारिशों के बाद शामिल किया गया।

चुनाव आयोग के अधिकारियों के अनुसार, 17.37 लाख लोग 2,103 मतदान केंद्रों पर वोट डालने के पात्र हैं। 100 वर्ष से अधिक आयु के 527 व्यक्ति अपने मताधिकार का प्रयोग करने के पात्र हैं। इसमें 8,75,831 (8.75 लाख) पुरुष और 8,62,000 (8.62 लाख) महिला मतदाता हैं। इसके अलावा 34 थर्ड जेंडर से हैं। 17,000 से अधिक मतदाता दिव्यांग व्यक्ति हैं।

चुनाव के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के लिए रिजर्व सहित 8,000 से अधिक मतदान कर्मचारियों को मतदान केंद्रों पर तैनात किया गया है। 28 मतदान केंद्र कुपवाड़ा और बारामुला जिलों के सीमावर्ती क्षेत्रों में स्थित हैं।

मतदान सुबह 7:00 बजे से शुरू हुआ है, जो शाम 6:00 बजे तक जारी रहेगा। 18 पिंक पोलिंग स्टेशन महिलाओं के लिए विशेषकर बनाए गए हैं। 17 विशेष रूप से दिव्यांग और 18 युवाओं के लिए, पर्यावरण पर संदेश फैलाने के लिए 21 ग्रीन पोलिंग स्टेशन स्थापित किए हैं।

बारामुला सीट पर नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) के उमर अब्दुल्ला, पीपुल्स कॉन्फ्रेंस के सज्जाद लोन, जेल में बंद इंजिनियर राशिद सहित चौदह स्वतंत्र उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें से दो महिलाएं भी शामिल हैं। उत्तरी कश्मीर सीट में परंपरागत रूप से मध्य और दक्षिण कश्मीर के क्षेत्रों की तुलना में अधिक मतदान हुआ है।

पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) ने पूर्व राज्यसभा सदस्य मीर मोहम्मद फैयाज को मैदान में उतारा है, जबकि जेल में बंद अलगाववादी नेता नईम अहमद खान के भाई मुनीर खान निर्दलीय के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं।

Back to top button