भारत में निवेश को लेकर Tesla ‘चुप’

 अमेरिकी इलेक्ट्रिक कार निर्माता कंपनी टेस्ला ‘चुप’ है। उसने अभी तक नई ईवी नीति के तहत अपनी भारत की योजनाओं के बारे में सरकार को नहीं बताया है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अमेरिकी अरबपति कारोबारी एलन मस्क 21-22 अप्रैल को भारत का दौरा करने वाले थे। हालांकि, उन्होंने ‘भारी टेस्ला दायित्वों’ का हवाला देकर आखिरी समय में अपनी यात्रा स्थगित कर दी थी। इलेक्ट्रिक कार मैन्‍यूफैक्‍चरिंग टेस्ला के सीईओ मस्क यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने वाले थे।

टेस्‍ला ने नहीं बताया है प्‍लान

यह पूछने पर कि क्या कंपनी ने अपनी योजनाओं के बारे में सरकार को बताया है, अधिकारी ने कहा, ‘वे (टेस्ला) बस चुप हैं… (ईवी) नीति हमेशा सभी के लिए थी।’ अधिकारी ने कहा कि वाणिज्यिक फैसलों की घोषणा कंपनियां करती हैं। इस संबंध में टेस्ला को ई-मेल से भेजे गए सवालों का कोई जवाब नहीं आया।

इसके पहले अप्रैल में एलन मस्‍क ने सोशल मीडिया प्‍लेटफॉर्म एक्स पर अपनी भारत यात्रा की पुष्टि करते हुए लिखा था, ‘भारत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मुलाकात के लिए उत्सुक हूं।’

प‍िछले साल जून में हुई थी मोदी और मस्‍क की मुलाकात

पिछले साल जून में मस्क ने मोदी की अमेरिकी यात्रा के दौरान उनसे मुलाकात की थी। साथ ही कहा था कि उन्होंने 2024 में भारत का दौरा करने की योजना बनाई है। उन्होंने विश्वास जताया था कि टेस्ला जल्द ही भारतीय बाजार में प्रवेश करेगी। टेस्‍ला के लिए भारतीय बाजार से जुड़ी कुछ चुनौतियां भी हैं। मसलन, देश में अभी भी इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए चार्जिंग स्टेशनों का अभाव है। भारत में इलेक्ट्रिक वाहनों पर भारी आयात शुल्क लागू होता है, जो टेस्ला कारों को महंगा बनाता है।
 

Back to top button