शहर के दर्जनों कॉलोनाइजरों पर आई नई आफत

पिछले समय दौरान अवैध रूप से कालोनियां काटकर सरकार के राजस्व को करोड़ों अरबों रुपए का चूना लगाने वाले कालोनाईजरों पर अब अदालत का शिकंजा कसने जा रहा है। गौरतलब है कि अमृतसर की एक संस्था लीगल एक्शन एंड वैल्फेयर एसोसिएशन ने पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट में याचिका दायर करके आरोप लगाया था कि सरकारी अधिकारियों की मिलीभगत से पूरे पंजाब में अवैध कालोनियां कट रही हैं जिससे सरकार को करोड़ों रुपए का राजस्व का नुकसान हो रहा है।
इस याचिका में याचिकाकर्त्ताओं ने जालंधर, तरनतारण व अन्य क्षेत्रों में कटी अवैध कॉलोनियों का जिक्र कर रखा है जिसके आधार पर हाईकोर्ट ने पंजाब सरकार को निर्देश दिए हैं कि 14 मई तक अवैध कॉलोनियों बाबत स्टेटस रिपोर्ट अदालत समक्ष प्रस्तुत की जाए। पता चला है कि हाईकोर्ट द्वारा अवैध कॉलोनियों बाबत पहले से लंबित याचिकाओं को भी क्लब किया जा रहा है ताकि सभी पर एक साथ सुनवाई हो सके। सूत्र बताते हैं कि पंजाब सरकार के अधिकारियों ने राज्य भर की डिवैल्पमैंट अथॉरिटीज, पुडा और नगर निगमों से अवैध कॉलोनियों बाबत रिकॉर्ड बनाने के निर्देश दिए हैं।
निगम द्वारा पुलिस केस हेतु भेजी अवैध कॉलोनियों की सूची
– अमन नगर में लाल मंदिर के निकट सुरेंद्र सिंह द्वारा काटी जा रही कॉलोनी
– लंबा पिंड से कोटला रोड पर संतोख सिंह द्वारा काटी जा रही कॉलोनी
– हरगोविंद नगर में राजकुमार द्वारा काटी जा रही कॉलोनी
– जमशेर रोड पर कट रही कॉलोनी
– न्यू मॉडल हाउस के निकट
– ओल्ड फगवाड़ा रोड
– सलेमपुर मुसलमाना
– पटेल नगर मकसूदा
– जीव शेल्टर के निकट
– अमन नगर
– मंदिर गोगा जाहरवीर जी के निकट
– पटेल नगर मकसूदां
– शिवाजी नगर में वैष्णो धाम मंदिर के निकट
– दीप नगर की बैकसाइड
– काला संघिया रोड नहर के निकट
– रामनगर बडिंग
– सुभाना
– इंडियन आयल के निकट
– धालीवाल कादियां
– कैंट के साथ लगते बडिंग में
– शेखे ओवरब्रिज के निकट
– रतन नगर कबीर मंदिर के निकट मंड पैलेस में
– नंदनपुर गांव के अंदर
– पठानकोट चौक से अमृतसर रोड पर संत ब्रास के सामने
– राजनगर कबीर एवेन्यू
– कालिया कॉलोनी फेज 2 पार्कवुड शॉप
– ट्रांसपोर्ट नगर से बुलंदपुर रोड पर, (इसके अलावा निगम के रिकार्ड में दर्जनों अवैध कालोनियों के पते दर्ज हैं)
अदालत निगम अधिकारियों पर भी एक्शन ले
पिछले समय दौरान शहर में अवैध रूप से कटी सैकड़ों कालोनियों बारे समाचार पत्रों में निरंतर छपता रहा परंतु निगम अधिकारियों ने कोई एक्शन नहीं लिया और सिर्फ कुछ मामलों में नोटिस निकालने की ही खानापूर्ति की। अब मांग उठ रही है कि अगर अवैध कालोनियां काटने वाले कॉलोनाइजरों पर अदालत का कोई डंडा चलता है तो उन संबंधित निगम अधिकारियों पर भी केस दर्ज होने चाहिए जिनके कार्यकाल में यह अवैध कालोनिया काटी गईं। ऐसे सख्त एक्शन के बाद ही अवैध कालोनियों का धंधा रुक सकेगा।
अभी भी जगह-जगह कट रही हैं अवैध कालोनियां
नगर निगम के बिल्डिंग विभाग की सैटिंग के चलते शहर में कई स्थानों पर अवैध कालोनियां कट रही हैं जिनपर निगम कोई कार्रवाई नहीं कर रहा । ढिलवां रोड, खाम्बडा, अलीपुर, दीपनगर रोड के आसपास, संगल सोहल, बुलंदपुर, मिट्ठापुर, रणवीर प्राइम होटल के ठीक पीछे और कई अन्य स्थानों पर आज भी अवैध कालोनियों का काम जारी है। इस बाबत निगम को लिखित शिकायतें तक प्राप्त हो चुकी हैं फिर भी वहां जाकर कोई अधिकारी काम नहीं रोक रहा। ढिलवां रोड पर कट रही कालोनी को लेकर दो निगम अधिकारियों को शो काज नोटिस तक जारी किया गया पर कालोनी का काम आज भी जारी है। अब देखना है कि जालंधर निगम पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट में क्या स्टेट्स रिपोर्ट पेश करता है।





