प्रदेश में कई जगह बारिश, सागर में बिजली गिरने से तीन की मौत

भोपाल. नौतपा के चौथे दिन प्रदेश में मौसम का मिजाज बदल गया। सागर, रीवा, दमोह, जबलपुर, छिंदवाड़ा, खजुराहो में बारिश हुई। सागर जिले में बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई। प्रदेशभर में मंडला जिला सबसे ज्यादा तपा। वहां दिन का तापमान 45.4 दर्ज किया गया। भाेपाल में पारा 41.7 डिग्री रहा।
प्रदेश में कई जगह बारिश, सागर में बिजली गिरने से तीन की मौत
उधर, रीवा में 9, दमोह में 3, जबलपुर में 4, छिंदवाड़ा में 9 और खजुराहो में 4 मिलीमीटर बारिश हुई। नरसिंहपुर जिले के गोटेगांव में आंधी के साथ बारिश हुई। गाडरवारा तहसील के सांईखेड़ा के पास बगीचे में एक पेड़ गिरने से रियाज अली (45) की मौत हो गई।
आज भी बारिश के आसार
मौसम केंद्र के अनुसार, सोमवार को भोपाल में बारिश के आसार हैं। इसके अलावा रीवा, होशंगाबाद, बैतूल, रतलाम, उज्जैन, झाबुआ, धार, ग्वालियर, जबलपुर और शहडोल में भी बारिश हो सकती है।
 
इस बार केरल की बजाय पूर्वोत्तर से पहुंचेगा मानसून
मौसम विभाग का अनुमान है कि इस बार मानसून केरल से पहले पूर्वोत्तर भारत में दस्तक दे सकता है। बंगाल की खाड़ी में गहरे दबाव का क्षेत्र बन चुका है। 29 या 30 तारीख तक पूर्वोत्तर के इलाकों में मानसून की बारिश हो सकती है।
Back to top button