भीषण गर्मी ने ड्राइवर को किया बेहाल, चलती ट्रक में लगा नहाने

अप्रैल खत्म होने को है और भारत में गर्मी ने अपना कहर बरपाना शुरू कर दिया है. गर्म हवाओं के थपेड़े और बढ़ता तापमान सबको परेशान कर रहा है. गर्मी से बचने के लिए लोग दिन में दो-दो बार नहाने लगते हैं. जो लोग एसी दफ्तरों में बैठकर अपना काम करते हैं, उनके लिए तो चीजें आसान हैं, पर सोचिए कि जो लोग ट्रक ड्राइवर (Driver bathing inside trcuk video) होते हैं, उनका क्या होता होगा? अलग-अलग शहरों में जाना, लू और गर्मी झेलना, पर अंदर एसी या कूलर के बिना सड़कों पर गाड़ी भगाना उनके लिए बहुत मुश्किल होता होगा. पर एक ट्रक ड्राइवर ने गर्मी से बचने का अजीबोगरीब तोड़ निकाल लिया. ये ड्राइवर चलती ट्रक में ही नहाने लगा. उसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

इंस्टाग्राम अकाउंट @shaikshaikshavalibasha पर अक्सर हैरान करने वाले वीडियोज पोस्ट किए जाते हैं. हाल ही में ऐसा ही एक वीडियो शेयर किया गया है जिसमें एक ट्रक का ड्राइवर रोड पर अपनी ट्रक (Driver bathing truck video) भगा रहा है, और उसी बीच अंदर बैठकर नहाता भी जा रहा है. ट्रक ड्राइवरों के पास कार की तरह एसी की सुविधा नहीं होती, ना ही अंदर कूलर लगा होता है, ऐसे में ये तो सच है कि उन्हें दिन के वक्त यात्रा करते वक्त भीषण गर्मी लगती होगी, मगर इस तरह ट्रक के अंदर बैठकर नहाते जाना, बिल्कुल भी ठीक नहीं है.

ट्रक के अंदर नहाने लगा शख्स
वायरल वीडियो में आप देख सकते हैं कि शख्स ने अपनी सीट के बगल में एक पानी से भरा जार रखा है. एक जग की मदद से वो उसमें से पानी को बाहर निकाल रहा है और खुद के ऊपर पानी डालकर अपने आप को ठंडा कर रहा है. इसके साथ ही वो तेज रफ्तार में ट्रक चलाया जा रहा है. हालांकि, रोड साफ है, आगे कोई गाड़ी नहीं नजर आ रही है. फिर भी ये अपने में काफी खतरनाक है, क्योंकि संतुलन बिगड़ने से ट्रक की दिशा बदल सकती है और वो डिवाइडर से टकरा सकता है.

वीडियो हो रहा है वायरल
इस वीडियो को 1 करोड़ से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं जबकि कई लोगों ने कमेंट कर अपनी प्रतिक्रिया दी है. एक ने कहा कि ये लॉरी नहीं, बाथरूम लग रहा है. एक ने कहा कि शख्स को फंगल इंफेक्शन हो सकता है. एक ने कहा कि दक्षिण भारतीय ड्राइवर जब राजस्थान में प्रवेश करते होंगे, तो उन्हें ऐसी ही गर्मी लगती होगी. एक ने कहा- “जल्द ही एक नया साइन बोर्ड रोड पर लगा होगा, जिसमें लिखा होगा- ‘गाड़ी चलाते वक्त नहाना मना है!’”

Back to top button