नए घर को रिनोवेट करवा रहा था शख्स, तभी फर्श में दिखा एक गड्ढा, जैसे ही हटाई ईंट

नया घर खरीदने के बाद हर कोई उसे अपने हिसाब से रिनोवेट करवाना चाहता है. जरूरत के हिसाब से सारी चीजें फिट करवाना चाहता है, ताकि आगे कभी तोड़-फोड़ की नौबत न आए. 28 वर्षीय शनायाह लॉयड और रॉस बेनेट ने भी यही सोचा. घर को रिनोवेट करवा रहे थे, तभी फर्श में एक गड्ढा नजर आया. बेनेट को लगा कि शायद कुछ टूटा-फूटा होगा. इसे ठीक करवाना चाहिए. लेकिन जैसे ही उसने ईंट हटाई, तो अंदर ऐसी चीज नजर आई कि सन्न रह गया.
रॉस बेनेट ने कहा, नवंबर में लगभग 2 करोड़ लगाकर हमने घर खरीदा. पहली बार घर खरीदने के बाद हम काफी खुश थे कि अपने घर में रहने को मिलेगा. हमें लगा कि उसे थोड़ा ठीक करवा लें, ताकि रहने जाएं तो कोई दिक्कत न आए. इसलिए हमने इसे रिनोवेट करवाने का फैसला किया. जैसे ही लिविंग रूम में पहुंचे, हमें फर्श में एक गड्ढा नजर आया. हमारा कुत्ता ब्रूस बार-बार उस ओर जा रहा था. हमने सोचा कि शायद टूटा होगा. लेकिन जैसे ही ईंट हटाई, नजारा हैरान करने वाला था.
लिविंग रूम के नीचे सीक्रेट कुआं नजर आया
लिविंग रूम के बीचोंबीच 10 फीट का एक गुप्त कुआं था. यह देखकर वहां काम कर रहे मजदूर डर गए. बाद में हमने नीचे उतरने का फैसला किया. मुझे लगा कि शायद इसके नीचे खजाना होगा. उसकी तलाश में नीचे जाना चाहिए. मगर नीचे गीली मिट्टी थी और चारों ओर अंधेरा. जब हमने टॉर्च लगाकर देखा तो ईंट की दीवार नजर आई. मैं चिल्लाया. हमें विश्वास नहीं हो रहा था. हम उत्साहित थे तो भयभीत भी. मैंने रिंग और साइलेंस ऑफ द लैम्ब्स देखी है, इसलिए मैं इससे थोड़ा घबराया हुआ भी था.
दशकों पहले खेत पर बना था घर
बेनेट ने कहा, जब हमने दस्तावेजों से इसकी जांच की, तो पता चला कि हमारा घर जहां बना था, वहां पहले खेत हुआ करता था. इसके नीचे कुआं बनाया गया था, जिससे सिंचाई का काम होता था. बाद में इसी पर घर बना दिया गया. खास बात, 1960 के दशक में इस पर घर बना और बाद में इसे रिनोवेट करके नया बनाया गया. जब हमने इसे खरीदा तो यह नया घर ही था. यह देखने के बाद हम पूरी रात सो नहीं सके. बेनेट ने लोगों से पूछा कि उसे इस कुएं का क्या इस्तेमाल करना चाहिए. फिलहाल इसे ढंक दिया गया है.





