खेत में घूम रहा था शख्‍स, तभी जमीन के अंदर से आई बीप-बीप की आवाज!

बुजुर्गों को अक्‍सर ये कहते हुए आपने सुना होगा क‍ि फलां जगह जमीन में अंदर खजाना दबा हुआ है. मगर सरकार तलाशने नहीं देती. लेकिन दुनिया में हर जगह ऐसा नहीं है. कई देश अपने लोगों को खजाने की तलाश करने के ल‍िए कहते हैं. वह सरकारी खजाने में जमा भी नहीं किया जाता है. सोच‍िए अगर क‍िसी को यूं ही खजाना मिला जाए तो उसकी हालत क्‍या होगी? ब्रिटेन में एक शख्‍स के साथ कुछ ऐसा ही हुआ. मेटल डिटेक्‍टर लेकर खेत में टहल रहा था, तभी जमीन के अंदर से बीप-बीप की आवाज आई. खोदते ही उसे जो मिला, देखकर खुशी से नाच उठा.

मेट्रो की रिपोर्ट के मुताबिक, 63 साल के मिकी रिचर्डसन ने हाल ही में एक कंपटीशन के दौरान मेटल डिटेक्टर जीता था. म‍िकी को पहले से ट्रेजर हंटिंग का शौक था. इसल‍िए जैसे ही उन्‍हें मेटल डिटेक्‍टर मिला तो खजाने की तलाश पर न‍िकल पड़े. डोरचेस्टर के एक गांव में उन्‍हें यकीन था क‍ि यहां कुछ हो सकता है. क्‍योंक‍ि कई लोगों से इस बारे में सुन चुका था. यहां एक खेत था, जिसमें कीचड़ भरा रहता था. इसल‍िए कोई जाता नहीं था. लेकिन मिकी खजाना तलाशने के ल‍िए उतर गए.

जमीन के अंदर 234 चांदी के सिक्‍के मिले
कुछ वक्‍त तक तलाशने के बाद एक जगह उन्‍हें जमीन के अंदर से बीप-बीप की आवाज आई. जैसे ही उन्‍होंने खोदना शुरू कि‍या, फ‍िर जो नजर आया, उसे देखकर नाच उठे. जमीन के अंदर 234 चांदी के सिक्‍के मिले. वो भी काफी पुराने. मिकी को पता था क‍ि इनकी अंतरराष्‍ट्रीय बाजार में कीमत लाखों रुपये होगी. क्‍योंकि इन सिक्कों में 1550 के दशक में किंग एडवर्ड VI, महारानी एलिजाबेथ प्रथम, जेम्स प्रथम और चार्ल्स प्रथम के शासनकाल के सिक्‍के भी शामिल थे.

खजाना मिकी को लौटा दिया गया
मिकी ने इन सिक्‍कों को स्‍थानीय अध‍िकारियों को सौंप दिया. यह टीम मेटल डिटेक्‍टर से खोजे गए खजानों की रज‍िस्‍ट्री करती है. बाद में ये खजाना मिकी को लौटा दिया गया. जब ब्रिटिश संग्रहालय ने इन सिक्‍कों की जांच की और लंदन में इन्‍हें नीलामी के ल‍िए रखा गया तो कीमत 23,000 पाउंड यानी लगभग 24 लाख रुपये लगे. यह देखकर तो मिकी खुशी से झूम उठे. बोर्न माउथ के रहने वाले मिकी को यह पैसा उस जमीन के माल‍िक के साथ 50-50 फीसदी बांटना होगा. मिकी ने बताया क‍ि कभी इस जगह एक छोटा सा मिट्टी का घर हुआ करता था. जहां नेपोलियन युद्धों में बीयर बनाने के लिए खेतों का उपयोग हॉप्स उगाने के लिए किया जाता था. मैं वहां कई बार गया था, लेकिन पहली बार मुझे ऐसा खजाना मिला. यह एक ऐसा दिन था जिसे मैं कभी नहीं भूलूंगा.

Back to top button