रील के चक्कर में हुए यमराज के दर्शन! कीचड़ में दिखा रहा था कलाबाज़ी, कुछ यूं धंसा सिर

एक समय में लोगों को मशहूर होने के लिए खासी मेहनत करनी पड़ती थी. चाहे पढ़ाई-लिखाई में या फिर किसी एक स्किल में उन्हें खुद को बेहतरीन बनाना ही पड़ता था. हालांकि अब चीज़ें बदल चुकी हैं और लोग सिर्फ कुछ सेकंड्स की रील के ज़रिये भी देश-दुनिया में मशहूर हो जाते हैं. इसी चक्कर में लोग कई बार कुछ ऐसा दे जाते हैं, जो उनकी ज़िंदगी को खतरे में डाल देता है.
आजकल लोग वायरल होने के चक्कर में कुछ भी कर रहे हैं. एक लड़के ने ऐसा ही कुछ किया, जिसके बाद वो लगभग मरते-मरते ही बचा. स्टंट के करने के चक्कर में कई बार लोग समझ ही नहीं पाते कि इसमें कितना रिस्क है. इस लड़के के साथ भी ऐसा ही था. आखिरकार उसके साथ जो होता है, वो देखकर आपको घबराहट भी होगी और हंसी भी आएगी.
कीचड़ में धंस गया सिर
वायरल हो रहे वीडियो में आप देख सकते हैं कि एक लड़का नदी के किनारे के कीचड़ में स्टंट का वीडियो बना रहा था. ये लड़का हाथों के जरिए फ्लिप मारने की कोशिश कर रहा है. इसी दौरान उसका सिर जमीन में मौजूद कीचड़ में धंस जाता है. वो कीचड़ में छटपटाने लगता है और ऐसा लगता है कि वो इसमें कामयाब नहीं हो पाएगा और उसकी जान चली जाएगी. वो तो गनीमत रही कि काफी हाथ-पांव मारने के बाद वो अपना सिर निकाल पाया.
लोग बोले- ज़िंदगी से प्यार नहीं!
वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर @TheJatKshatriya नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है. खबर लिखे जाने तक 4 लाख से ज्यादा लोग देख चुके हैं और कमेंट कर इस पर अपनी प्रतिक्रिया भी यूज़र्स ने दी है. एक यूजर ने लिखा- कहीं रील बनाने के लिए ही ये ड्रामा तो नहीं है? वहीं एक अन्य यूज़र ने लिखा कि ऐसे लोगों को अपनी ज़िंदगी से प्यार नहीं होता.





