बेहद अनोखे हैं इस देश में पब्लिक टॉयलेट, अपने आप हो जाते हैं साफ!

भारत में पिछले कुछ सालों से जिस तरह स्वच्छता पर कार्य किया जा रहा है, वो तारीफ के काबिल है. पब्लिक टॉयलेट्स का निर्माण भी बड़े स्तर पर हुआ है और आपको अब आम जनता के लिए शौचालय बने मिल जाएंगे. पर इन टॉयलेट्स को लेकर जो सबसे खराब बात है, वो ये कि इनकी सफाई का खास ध्यान नहीं दिया जाता. जो शौचालय निशुल्क होते हैं, वो तो इतने गंदे होते हैं कि उसके अंदर घुस पाना भी मुश्किल है. पर दुनिया के दूसरे देशों में पब्लिक टॉयलेट्स (Self cleaning public toilet) की साफ-सफाई को लेकर काफी ध्यान दिया जाता है. इन दिनों फ्रांस की राजधानी पैरिस में बने पब्लिक टॉयलेट का वीडियो वायरल हो रहा है, जो अपने आप साफ हो जाता है. ये इतने अनोखे हैं कि आप इन्हें देखकर भारत में भी लगाने की मांग करेंगे.
ट्विटर अकाउंट @HowThingsWork_ पर अक्सर हैरान करने वाले वीडियोज पोस्ट किए जाते हैं. हाल ही में ऐसा ही एक वीडियो शेयर किया गया है जिसमें एक पब्लिक टॉयलेट (Self cleaning toilet Paris) अपने आप साफ होता नजर आ रहा है. वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा गया- “पैरिस में अपने आप साफ हो जाने वाले पब्लिक टॉयलेट्स इस तरह से काम करते हैं.”
अपने आप साफ होने वाला टॉयलेट
वायरल वीडियो में आप देख सकते हैं कि टॉयलेट का फंक्शन दिखाने के लिए उसके अंदर कैमरा लगा दिया गया है. दरवाजा अपने आप बंद होता है और फिर कमोड भी अपने आप अंदर चला जाता है. फिर फर्श पर पानी निकलने लगता है. 3 बार पानी से फर्श कायदे से धुल जाती है. उसके बाद जमीन के नीचे भी कोई मशीन लगी है, जिससे फर्श कुछ ही देर में सूख भी जाती है. फिर कमोड बाहर आता है और दरवाजा खुल जाता है.





