पंजाब: भाजपा ने 6 सीटों पर उम्मीदवारों का किया ऐलान

पंजाब में बड़ी खबर सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि लोकसभा चुनावों के मद्देनजर पंजाब में भाजपा ने 6 सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। भारतीय जनता पार्टी ने ‘आप’ से भाजपा में आए सुशील कुमार रिंकू सहित 6 सीटों पर अपने उम्मीदवारों का ऐलान किया है, जिनमें गुरदासपुर से दिनेश सिंह बब्बू, अमृतसर से तरणजीत सिंह संधू, जालंधर से सुशील कुमार रिंकू, लुधियाना से रवनीत सिंह बिट्टू, फरीदकोट से हंसराज हंस व पटियाला से परनीत कौर को चुनावी मैदान में उतारा है। बता दें कि रिंकू व रवनीत बिट्टू, जिन्होंने हाल ही में अपनी-अपनी पार्टियां छोड़ भाजपा ज्वाइन की है, दोनों को हाईकमान की तरफ से चुनावी मैदान में उतारा गया है। वहीं गुरदासपुर से सांसद रहे अभिनेता सन्नी देयोल का इस बार टिकट काट दिया गया है, उनकी जगह दिनेश सिंह बब्बू को चुनावी मैदान में उतारा गया है।






