विदेश मंत्री जयशंकर ने सिंगापुर समकक्ष बालाकृष्णन से की मुलाकात

विदेश मंत्री एस जयशंकर इन दिनों सिंगापुर के दौरे पर हैं। अपनी इस यात्रा के दौरान जयशंकर ने सोमवार को सिंगापुर के विदेश मंत्री विवियन बालाकृष्णन और दो अन्य वरिष्ठ मंत्रियों से मुलाकात की। जानकारी के अनुसार, मुलाकात में द्विपक्षीय संबंधों को प्रगाढ़ बढ़ाने के उपायों और हिंद-प्रशांत और पश्चिम एशिया की स्थिति पर चर्चा हुई।

अपनी तीन दिवसीय यात्रा पर जयशंकर शनिवार को सिंगापुर पहुंचे थे। उन्होंने रविवार को प्रवासी भारतीय समुदाय को संबोधित किया और शनिवार को निवेशकों से मुलाकात की।

राजनयिक संबंधों के 60 साल पूरे हुए
बालाकृष्णन के अलावा जयशंकर ने व्यापार और उद्योग मंत्री गन किम योंग और वरिष्ठ मंत्री और राष्ट्रीय सुरक्षा संबंधी समन्वय मंत्री टीओ ची हेन के साथ अलग-अलग बैठकें कीं। जयशंकर ने एक एक्स पोस्ट में बताया, ‘सिंगापुर के विदेश मंत्री विवियन बालाकृष्णन से मिलकर अगली आईएसएमआर’बैठक की तैयारियों के बारे में बात की। हमारे राजनयिक संबंधों के 60 साल पूरे होने पर भी चर्चा की। हिंद-प्रशांत और पश्चिम एशिया पर विचारों का आदान-प्रदान किया गया।’ 

दो अन्य वरिष्ठ मंत्रि से भी मुलाकात
व्यापार और उद्योग मंत्री गन किम योंग से मुलाकात के बाद जयशंकर ने ‘जानकारी दी कि व्यापार, अंतरिक्ष, हरित ऊर्जा, आपूर्ति श्रृंखला और रक्षा पर चर्चा की। उन्होंने लिखा, ‘आशा है कि भारत-सिंगापुर मंत्रिस्तरीय बैठक में इन्हें आगे बढ़ाया जाएगा।’

इसके बाद उनकी मुलाकात टीओ ची हेन से हुई। इस मुलकात को लेकर जयशंकर ने कहा, ‘भारत में व्यापक बदलावों और हमारी साझेदारी के लिए उनके द्वारा प्रदान किए जाने वाले अवसरों पर चर्चा की गई।’

प्रधानमंत्री ली सीन लूंग से भी मुलाकात
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने सिंगापुर के प्रधानमंत्री ली सीन लूंग से भी मुलाकात की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की शुभकामनाएं दीं। एक्स पर एक पोस्ट में जयशंकर ने कहा, ‘प्रधानमंत्री ली सीन लूंग से मुलाकात करके सम्मानित महसूस कर रहा हूं।’

बता दें कि विदेश मंत्री का फिलीपीन और मलयेशिया की यात्रा करने का भी कार्यक्रम है।

Back to top button