श्रीलंका में ईस्टर धमाके पर विवादित टिप्पणी के लिए सिरिसेना से पूछताछ करेगी पुलिस

श्रीलंका के पूर्व राष्ट्रपति मैत्रीपाल सिरिसेना से 2019 में ईस्टर पर हुए आत्मघाती बम विस्फोटों पर उनकी टिप्पणी के लिए सोमवार को पुलिस पूछताछ करेगी। सिरिसेना ने कहा था कि वह उन हमलों के साजिशकर्ताओं के बारे में जानते थे।
जनवरी, 2015 जनवरी से नवंबर, 2019 नवंबर तक श्रीलंका के राष्ट्रपति रह चुके 72 वर्षीय सिरिसेना ने पहले हमलों के बारे में किसी भी जानकारी से इन्कार किया था। हमले में 11 भारतीयों सहित 270 लोग मारे गए थे। पुलिस प्रमुख देशबंधु तेनाकून ने रविवार को संवाददाताओं से कहा कि सिरिसेना का बयान सोमवार को दर्ज किया जाएगा। पूर्व राष्ट्रपति ने बुधवार को कैंडी में कहा कि उन्हें हमलों के साजिशकर्ता के बारे में पता है।
साल 2019 को श्रीलंका में हुए थे कई विस्फोट
उन्होंने कहा, ‘मुझे पता है कि यह किसने किया।’ बता दें कि आइएस से जुड़े स्थानीय इस्लामी चरमपंथी समूह नेशनल तौहीद जमात (एनटीजे) के नौ आत्मघाती हमलावरों ने 21 अप्रैल, 2019 को श्रीलंका के तीन चर्चों और कई लग्जरी होटलों में श्रृंखलाबद्ध विस्फोट किए थे।





