आज हरियाणा सीएम के आवास का घेराव करेंगे आप कार्यकर्ता

चंडीगढ़ : अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद हरियाणा से भी इंडिया गठबंधन के नेताओं ने भाजपा पर हमला बोला है। इंडिया गठबंधन की ओर से आम आदमी पार्टी के कुरुक्षेत्र से लोकसभा उम्मीदवार सुशील गुप्ता ने एक्स पर लिखा है कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जी की अवैध गिरफ्तारी के विरोध में आज 11 बजे सेक्टर-3 कुरुक्षेत्र में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी के आवास का घेराव किया जाएगा। हरियाणा के सभी साथी कुरुक्षेत्र पहुँचें।
बृजेंद्र सिंह ने भी साधा सरकार पर निशाना
हाल ही में कांग्रेस में शामिल हुए बृजेंद्र सिंह ने लिखा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी न केवल असंवैधानिक है बल्कि राजनीतिक हताशा का स्पष्ट संकेत है। इस तरह की रणनीति का सहारा लेना लोकतंत्र के मूल सार को कमजोर करता है। यह लोकतांत्रिक मूल्यों का घोर अपमान है।
यह भारत का नया “लोकतंत्र” है।
जनता द्वारा चुने हुए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को ED के दम पर ठीक चुनावों से पहले गिरफ्तार किया जाता है।
यह भारत का नया “लोकतंत्र” है: अभय
अभय चौटाला ने एक्स पर लिखा है कि जनता द्वारा चुने हुए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को ईडी के दम पर ठीक चुनावों से पहले गिरफ्तार किया जाता है। विपक्षी आवाजों को कुचलने के लिए ED और CBI का इस्तेमाल किया जा रहा है या फिर उन्हें दबाव से नीतीश कुमार, शिंदे, अजीत पवार और जयंत की तरह अपने साथ एनडीए में शामिल किया जा रहा है। हमने आगाह किया था, अगर मिल कर इनसे नहीं लड़ा गया तो भाजपा देश से लोकतंत्र खत्म कर देगी, जो भी भाजपा के खिलाफ बोलेगा उसे जेल में डाल दिया जाएगा। यह भारत का नया “लोकतंत्र” है।





