खनौरी बॉर्डर पर घायल हुए प्रितपाल सिंह की मेडिकल रिपोर्ट में बड़ा खुलासा

खनौरी बॉर्डर पर घायल हुए प्रितपाल सिंह से जुड़ी अहम खबर सामने आई है। जानकारी के अनुसार पी.जी.आई. चंडीगढ़ व रोहतक की मेडिकल बोर्ड टीम ने घायल प्रितपाल सिंह की मेडिकल रिपोर्ट पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट को सौंप दी है। इस रिपोर्ट में फिजिकल टॉर्चर की बात मेडिकल बोर्ड द्वारा कही गई है। इसके बाद हाईकोर्ट ने प्रितपाल सिंह के बयान दर्ज करने के लिए कहा है।
आपको बता दें कि खनौरी बॉर्डर पर किसानों और अर्ध-सैनिक बल के बीच हुई झड़प में घायल हुए प्रितपाल सिंह के पिता ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। इस मामले में हाईकोर्ट ने मेडिकल रिपोर्ट दाखिल करने के लिए कहा था। इस मेडिकल रिपोर्ट में कहा गया कि ब्लंट फोर्स के प्रयोग से प्रितपाल सिंह घायल हुआ है। उसे चार गंभीर चोटें थी और चोटें लगभग दो सप्ताह पुरानी थीं। इस रिपोर्ट को देखते हुए प्रितपाल सिंह के बयान दर्ज करने के आदेश जारी किए गए। गौरतलब है कि पीड़ित के पिता ने याचिका दायर कर कहा था कि हरियाणा पुलिस 21 फरवरी की दोपहर को उनके बेटे और अन्य व्यक्तियों पर हमला करने से पहले पंजाब क्षेत्र के अंदर आई थी। उन्होंने आरोप लगाए थे कि उनके बेटे को बोरी में डालकर पीटा गया था और उसे गंभीर चोटें आई थी।





