बच्चों को मैथ्स पढ़ाना पड़ रहा महंगा, यहां माता-पिता को आ रहा हार्ट अटैक!

आज के वक्त में लोगों की लाइफस्टाइल इतनी अजीब हो गई है कि हम अपनी सेहत पर बिल्कुल भी ध्यान नहीं दे पा रहे हैं. इस वजह से कई बार हम बीमार पड़ जाते हैं. सिर्फ भारत में ही काम और रोजमर्रा की समस्याओं की वजह से लोगों का स्ट्रेस लेवल ज्यादा नहीं है, चीन में तो हालात उससे भी ज्यादा बुरे हैं. यहां बच्चों का होमवर्क करवाते-करवाते माता-पिता को हार्ट अटैक आ जा रहा है. पर इसकी वजह क्या है? चलिए आपको बताते हैं.

ऑडिटी सेंट्रल न्यूज वेबसाइट के अनुसार चीन में माता-पिता अपनी नौकरी की वजह से काफी स्ट्रेस ले रहे हैं. इसका असर उनकी रोजमर्रा की जिंदगी पर देखने को मिल रहा है. रिपोर्ट के मुताबिक चीन के हैंगजाओ (Hangzhou) प्रांत में एक 40 साल की महिला है, जिसका नाम डॉन्ग है. वो दो बच्चों की मां हैं. जनवरी की एक शाम, डॉन्ग अपने बेटे को गणित पढ़ा रही थीं. अचानक वो बच्चे की गलती की वजह से इतना झुंझला गईं कि जोर से चिल्लाने लगीं. इस घटना के बाद उसके सिर में बेहिसाब दर्द शुरू हो गया और उसे उल्टी भी आने लगी. महिला कुछ देर तक लेट गई पर उसे फिर भी आराम नहीं मिला. जब वो अस्पताल गई तो उसका सीटी स्कैन हुआ, उससे पता चला कि उसे सबऐरकनॉइड हैमरेज हुआ था, जो एक तरह का कम स्तर वाला स्ट्रोक होता है. ये लंबे वक्त तक स्ट्रेस में रहने की वजह से होता है.

पढ़ाते वक्त आ जा रहा हार्ट अटैक
इसी तरह की एक खबर 13 जनवरी को भी चीन से सामने आई थी. चीन के जियांगसू प्रांत में लियांगयुंगांग नाम का एक शहर है जहां एक 37 साल की महिला रहती है. महिला अपने चौथी क्लास के बेटे को मैथ्स पढ़ा रही थी. बच्चे को बार-बार एक ही समस्या के बारे में समझाने के बाद भी जब कोई नतीजा नहीं निकला, तो मां को इतना गुस्सा आ गया कि वो चिल्लाने लगी. तभी उसके सीने में दर्द होने लगा तो वो जाकर लेट गई और अपने छठी कक्षा में पढ़ने वाले बेटे से कहा कि वो आकर छोटे भाई की मदद करे. पर जब बेटे को तभी नहीं समझ आया तो महिला को फिर गुस्सा आ गया और वो दोबारा उसे आकर समझाने लगी. मगर उस वक्त उसके सीने में इतना जोरदार दर्द हुआ कि वो जमीन पर गिर पड़ी और उसे तेज पसीना आने लगा.

ज्यादा स्ट्रेस में रहती हैं महिलाएं
इसके बाद बच्चों ने अपने पापा को फोन किया, जिसने एंबुलेंस बुलाई. अस्पताल में पता चला कि महिला को टाइप ए का एओटिक डिसेक्शन, यानी दिल की समस्या है. उसकी तत्काल इमर्जेंसी करवानी पड़ी. डॉक्टरों को एओटा की वॉल पर 2 सेंटीमीटर बड़ा पंक्चर मिला. 7 घंटे चले ऑपरेशन के बाद महिला की स्थिति सुधर पाई. हेल्थ एक्सपर्ट्स का कहना है कि महिलाएं इस तरह की समस्याओं से ज्यादा जूझती हैं क्योंकि वो ज्यादा स्ट्रेस में रहती हैं.

Back to top button