हरियाणा में बारिश के साथ गिरे ओले, हवाओं ने बढ़ाई लोगों की मुश्किलें…

चंडीगढ़ : हरियाणा में मौसम बदल गया है। आज सुबह से ही बारिश और बूंदाबांदी शुरू हो गई। कुछ जिले ऐसे भी रहे, जहां रात से बारिश जारी है। मौसम के बिगड़े मिजाज को देखते हुए मौसम विभाग ने 14 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान तेज हवाओं ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
3 मार्च तक ओलावृष्टि के आसार
आपको बता दें कि मौसम विभाग ने 3 मार्च तक बारिश और ओलावृष्टि के आसार बताए हैं। 14 जिलों पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, झज्जर, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, चरखी दादरी, भिवानी, फरीदाबाद, पलवल, मेवात, गुरुग्राम, रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ में यलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम में बदलाव के कारण तापमान में दर्ज की गई बढ़ोतरी
हरियाणा में मौसम में आए बदलाव के कारण दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की है। 24 घंटे के दौरान अधिकतम तापमान में 0.1 और न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री की बढ़त देखी गई है। पूरे दिन बादल छाए रहने के कारण नारनौल (महेंद्रगढ़) का अधिकतम तापमान 29 डिग्री तक पहुंच गया। इसके बाद फरीदाबाद का 28.7 और फिर झज्जर का 27.5 डिग्री अधिकतम तापमान रहा। वहीं न्यूनतम तापमान की बात करें तो महेंद्रगढ़ की रात सबसे ठंडी दर्ज हुई।





